केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) में आतंकियों ने फिर से प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया है. कुछ दिन पहले बिहार के दो मजदूरों की हत्या के बाद गुरुवार देर रात आतंकियों ने बांदीपोरा (Bandipora) में एक गैर-कश्मीरी मजदूर की हत्या कर दी. मजदूर की उम्र महज 19 साल थी और वो बिहार का निवासी था. मृतक की पहचान मोहम्मद अमरेज के तौर पर हुई है. वो मधेपुरा के बेसाढ़ गांव का निवासी था. आतंकियों ने बांदीपोरा के अजस तहसील में उसे निशाना बनाया, जहां वो रहा करता था.
टारगेट किलिंग की वारदातों में बढ़ोतरी
बता दें कि कश्मीर में आतंकियों ने अब सभी गैर-कश्मीरियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. अब तक हिंदुओं को ही निशाना बनाने वाले आतंकियों ने अब गैर-हिंदुओं को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. पिछली 3-4 वारदातों में ये बात सामने आ चुकी है. उन्होंने हिंदुओं को निशाना बनाते हुए घाटी से बाहर चले जाने को कहा था, जिसके बाद बड़े स्तर पर पलायन भी देखा गया था. अब बाहरी मजदूरों को निशाना बनाने से मजदूरों के भी मन में दहशत भरने की कोशिश हो रही है.
बिहार के रहने वाले एक मजदूर की हत्या आतंकियों ने गोली मारकर कर दी. मृतक बिहार के मधेपुरा का निवासी बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात बांदीपोरा में आतंकवादियों ने जमकर गोलीबारी की और प्रवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज को गोली मार दी. अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के भाइ ने बताया कि आधी रात को अचानक फायरिंग होने लगी. इसकी जानकारी मुझे मेरे भाई ने ही दी. हम नींद में थे. अचानक उसने मुझे उठाकर बोला कि बाहर फायरिंग हो रही है. मैने अपने भाई को सो जाने की सलाह दी.
मृतक के भाई ने बताया कि जब थोड़ी देर बाद देखा तो मेरा भाई अमरेज अपनी जगह पर नहीं था. बाहर देखा तो वो खून से लथपथ पड़ा था. जिसके बाद आनन-फानन में मैंने सेना को फोन करके सूचना दी. जख्मी हालत में उसे अस्पताल ले गये लेकिन उसने दम तोड़ दिया.







