विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधनोम घेब्रेयसस ने बताया कि कोरोना वायरस (Coronavirus) वैरिएंट ऑमिक्रोन के सब वैरिएंट बीए. 2.75 के मामले भारत जैसे कई देशों में सामने आए हैं और हेल्थ सिस्टम इस पर नजर रख रहा है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘ दुनियाभर में पिछले दो सप्ताह में कोरोना के मामलों में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।’ उन्होंने कहा, ‘ यूरोप और अमेरिका में बीए.4 और बीए.5 के मामले सामने आ रहे हैं। भारत जैसे देशों में बीए 2. 75 के मामले भी सामने आए, जिन पर हम नजर बनाए हुए हैं।’
10 देशों में नए सब वैरिएंट का पता चला
डब्ल्यूएचओ की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने ट्विटर पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के वैरिएंट ऑमिक्रोन के सब वैरिएंट को बीए.2.75 कहा जाता है, ‘ सबसे पहले इसकी पुष्टि भारत में हुई थी और फिर करीब 10 देशों में इसके मामले सामने आए।’ उन्होंने कहा कि विश्लेषण करने के लिए सब-वैरिएंट के अब भी सीमित अनुक्रम उपलब्ध हैं, ‘लेकिन इस सब-वैरिएंट में स्पाइक प्रोटीन के ‘रिसेप्टर-बाइंडिंग डोमेन’ पर कुछ उत्परिवर्तन होते हैं, जो ‘ह्यूमन रिसेप्टर’ तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए हमें इस पर नजर रखनी होगी।’ उन्होंने कहा कि अभी इसके बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
एक सप्ताह में कोरोना के 46 करोड़ नए मामले
डब्ल्यूएचओ कोरोना वैश्विक महामारी पर साप्ताहिक रिपोर्ट पेश करता है। छह जुलाई को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में संक्रमण के मामलों में वृद्धि लगातार चौथे सप्ताह भी जारी रही। रिपोर्ट के अनुसार, 27 जुलाई से तीन जुलाई के बीच 46 करोड़ मामले सामने आए। पिछले सप्ताह भी करीब इतने ही मामले सामने आए थे।
मौत के मामलों में 12 प्रतिशत की गिरावट
27 जुलाई से तीन जुलाई के बीच कोरोन संक्रमण से 8100 से अधिक लोगों की मौत हुई। पिछले सप्ताह की तुलना में इस सप्ताह संक्रमण से मौत के मामलों में 12 प्रतिशत की गिरावट आई है। तीन जुलाई 2022 तक दुनियाभर में संक्रमण के 54.6 करोड़ मामले सामने आ चुके थे और संक्रमण से 63 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, बीए.5 और बीए.5 के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। विश्वभर में बीए.5 के मामले 83 देशों में और बीए.4 के मामले 73 देशों में सामने आ चुके हैं।
बिहार में बढ़ने लगे कोरोना संक्रमित मरीज, पटना में सबसे ज्यादा 137 नए मामले
बिहार में कोरोना वायरस के चलते होने वाले संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं. इससे स्थानीय प्रशासन के साथ ही सरकार की चिंताएं भी बढ़ गई हैं. प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना संक्रमण के नए मामलों को लेकर अपडेट जारी किया गया है. बिहार में एक दिन (6 जुलाई 2022) में COVID-19 के 309 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से सबसे ज्यादा नए संक्रमित प्रदेश की राजधानी पटना में सामने आए हैं. पटना में 24 घंटे में 137 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है. राज्यभर में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित आने से स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है. जांच और बूस्टर डोज देने की प्रक्रिया में और तेजी लाई गई है, ताकि कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके.
स्वास्थ्य विभाग ने 6 जुलाई का कोरोना अपडेट जारी किया है. इसके अनुसार, बिहार के विभिन्न जिलों में कोरोना वायरस के कुल 309 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही प्रदेश में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 1389 तक पहुंच गई है. बिहार में पिछले कुछ सप्ताह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ गई है. सक्रिय संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. इससे राज्य सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं. कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए जिला प्रशासन को अतिरिक्त सावधानी बरतने और कदम उठाने का निर्देश दिया गया है. खासकर कोरोना जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही योग्य लोगों को बूस्टर डोज देने को भी कहा गया है.
पटना के बाद भागलपुर में सबसे ज्यादा मामले
पटना के बाद भागलपुर में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. भागलपुर में कोरोना संक्रमण के कुल 23 मामले सामने आए हैं. वहीं, सहरसा और सुपौल में कोविड-19 के 14-14 नए मामले सामने आए हैं. इसके बाद इन जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. बता दें कि बिहार के साथ ही अन्य राज्यों में भी कोरोना संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि देखी जा रही है.







