आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने लालू यादव की तबीयत की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि लालू यादव की तबीयत स्थिर है। रात साढ़े तीन बजे उन्हें अस्पताल लाना पड़ा था। अभी डॉक्टरों ने उन्हें रिलीज किया है। आरजेडी मुखिया की तबीयत रविवार को तब बिगड़ गई जब वो सीढ़ियों से गिर गए थे। उनके कंधे और पीठ में चोट लगी है। पारस हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट आसिफ प्रमाण ने कहा कि उनकी तबीयत स्थिर हैं। उन्हें कंधे में चोट के कारण भर्ती कराया गया था, डॉक्टर की टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्हें पहले से कुछ बीमारी हैं उनको लेकर भी खास सावधानी बरती जा रही है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। सोमवार की सुबह साढ़े तीन बजे पटना के पारस हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था। रविवार की देर शाम वो सीढ़ियों से गिर गए थे। राबड़ी देवी के पटना आवास 10 सर्कुलर रोड में सीढ़ी चढ़कर अपने कमरे में जाते वक्त लालू प्रसाद का पांव दो सीढ़ियों पर एक साथ पड़ गया था।
गिरने के कारण उनके दायें कंधे में फैक्चर आ गया और कमर में भी काफी चोट लगी। डॉ. मोहित के कंकड़बाग स्थित वेल्स मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल से संपर्क किया गया और डॉ. श्मशुल होदा की टीम ने राबड़ी देवी के आवास में आकर लालू प्रसाद को देखा।
उन्हें कंकड़बाग स्थित अस्पताल भी ले जाया गया। जब लालू प्रसाद घर आ गए तब थोड़ी राहत मिली। लेकिन रात भर लालू प्रसाद को परेशानी होती रही। नतीजा सुबह-सुबह उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पहले की बीमारियों को देखते हुए लालू प्रसाद का इलाज किया जा रहा
पारस के मेडिकल सुपरीटेंडेंड डॉ. आसिफ रहमान ने सोमवार को भास्कर को बताया कि लालू प्रसाद यादव को देर रात लगभग 3:30 बजे पारस अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। कंधे में लगी चोट के कारण उनकी हालत थोड़ी अस्थिर थी, जिसके बाद उन्हें पारस अस्पताल के आईसीयू में एडमिट किया गया था।
75 साल के लालू प्रसाद कई बीमारियों से परेशानी में हैं
बता दें कि 11 जून को उनका 75 वां जन्मदिन पटना में मनाया गया था। वे किडनी सहित हार्ट, शुगर, ब्लड प्रेशर सहित कई बीमारियों से ग्रस्त हैं। वे किडनी का इलाज सिंगापुर या लंदन में जाकर करवाना चाहते हैं। वहां किडनी ट्रांसप्लांट की अच्छी सुविधा है। इसके लिए लालू प्रसाद ने तीन सप्ताह पहले सीबीआई से पोसपोर्ट लेने के लिए अर्जी दी थी। सीबाईआई ने विदेश जाने के लिए पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश भी दे दिया है। लेकिन अब जब उनके कंधे में फैक्चर है और कमर में भी काफी चोट है तब इसके बाद फिलहाल उनका सिंगापुर जाने का कार्यक्रम रद्द हो सकता है।
लालू प्रसाद सेहत से काफी कमजोर हो गए हैं
कई बीमारियों से ग्रस्त होने की वजह से लालू प्रसाद काफी कमजोर हो गए हैं। उन्हें पैदल चलने में भी कठिनाई होती है। हालांकि बड़ी बेटी मीसा भारती को राज्य सभा चुनाव का नामांकन कराने के लिए वे विधान सभा की सीढ़ी चढ़कर विधान सभा स्थिति सचिव कार्यालय तक गए थे। वे अपने जन्म दिन पर 11 जून को राजद कार्यालय भी आए थे और 75 किलो का लड्डू काटा था व भाषण भी दिया था। उस समय वे ज्यादा देर तक खड़े होकर भाषण देने वाली स्थिति में नहीं दिखे थे। किडनी की बीमारी की वजह से उन्हें दिन भर में एक लीटर पानी पीने की ही इजाजत डॉक्टरों ने पहले ही दे रखी है।
पहले की बीमारियों से जुड़ी जांच की जा रही
लालू प्रसाद के समर्थकों की चिंता उनके स्वास्थ्य को लेकर बनी हुई है। पारस अस्पताल ने उनकी हालत स्थित बतायी है। ब्ल्ड सूगर, किडनी की स्थिति, हर्ट की स्थिति को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। लालू प्रसाद को फिलहाल चलने-फिरने से मना किया गया है। लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और छोटे बेटे तेजस्वी यादव व बहू राजश्री यादव पारस हॉस्पिटल में ही हैं।





