सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं का विरोध लगातार जारी है‚ और यह कई राज्यों तक फैल गया है। उत्तर और दक्षिण के कई राज्यों में फैले इस आक्रोश के चलते रेल फूंकी गइ‚ रेल स्टेशनों पर तोड़़फोड़़ और वाहनों को तहस–नहस किया गया। बिहार में उपद्रव इतना बढ़ा कि पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़़ी। दरअसल‚ केंद्र सरकार ने ‘अग्निपथ’ योजना के तहत सेना में भर्ती को जो नये नियम बनाए हैं‚ उन्हें लेकर सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं में आक्रोश पैदा हो गया है। उनका मानना है कि नियमित भर्ती के बजाय उन्हें मात्र चार साल तक सेवा का अवसर दिया जाना सेना में ठेका प्रथा को बढ़ावा देने जैसी बात है। ‘अग्निपथ’ योजना के तहत भर्ती होने वालों को ‘अग्निवीर’ नाम दिया जाएगा। लेकिन इस योजना को लेकर उपजे आक्रोश को थामने के लिए केंद्र सरकार को कुछ रियायतें देकर आक्रोश को थामने के प्रयास करने पड़़ रहे हैं। अनेक मंत्रालयों के साथ ही बीएसएफ‚ एसएसबी जैसे अर्धसैनिक बलों में ‘अग्निवीरो’ को सेना में सेवा उपरांत नौकरियां देने की बात कही जा रही है। सरकार को लगता है कि स्वार्थी तत्व युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। दरअसल‚ यह योजना सेना को ‘यूथफुल’ बनाने की गरज से लाई गई है‚ लेकिन जब भी कोई नया बदलाव होता है‚ तो एकाएक उसे स्वीकार करने की मनःस्थिति नहीं होने से विरोध होना स्वाभाविक है। सरकार से भी यकीनन चूक हुई है कि योजना की स्वीकार्यता के लिए जरूरी माहौल बनाए बिना इसकी घोषणा कर दी गई। ऐसे में लगा कि जैसे सरकार मनमाना फैसला थोप रही है। केंद्र में आरूढ़ नरेन्द्र मोदी सरकार ने इससे पहले भी जो नई योजनाएं और कार्यक्रम पेश किए‚ उन्हें यकायक पेश किए जाने से विरोध की स्थिति बनी। ऐसे में कार्यक्रम या योजना के पीछे संबद्ध पक्षों को लाभान्वित करने की सोच और नीयत कहीं बिला जाती है। विरोध होने लगता है‚ और मुद्दाविहीन विपक्ष मौके का फायदा उठाते हुए गफलत का माहौल बना देता है। इसलिए जरूरी है कि नई नीति लाने या किसी पुरानी नीति में कोई बदलाव करने से पहले चर्चाओं के जरिए जनमानस में स्वीकार्यता का माहौल बनाया जाए। लोकतांत्रिकता का भी यही तकाजा है। लोगों के मन में नई योजना में प्रतिभागी होने का भाव जागेगा तो विरोध कदाचित ही हो।
19 साल बाद कोलकाता लौटने पर भावुक हुईं तस्लीमा नसरीन, बोलीं- यह घर वापसी
बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन शुक्रवार को 19 साल बाद कोलकाता पहुंचीं। कोलकाता पहुंचने पर तस्लीमा नसरीन बेहद खुश दिखाई दीं।...







