किंग महेंद्र के निधन से रिक्त हुई राज्यसभा सीट के उपचुनाव में जदयू के अनिल हेगड़े को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। हेगड़े ने नामांकन दाखिल की अंतिम तिथि 19 मई को अपना पर्चा भरा था।
सोमवार को नाम वापस लेने के अंतिम दिन तक हेगड़े के खिलाफ कोई अन्य उम्मीदवार नहीं होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। हालांकि इस उप चुनाव में मतदान ३० मई को होना था। बिहार विधानसभा के सचिव ने हेगड़े को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर प्रमाण–पत्र दिया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फनाडिस जैसे संघर्षशील नेता के साथ काम करने का गौरव प्राप्त है। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐसे व्यक्ति को राज्यसभा भेजा है‚ जिनका जीवन संघर्ष से जुड़ा रहा है। हेगड़े ने जदयू कार्यालय में १२ वर्ष रहकर पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढाया है और वह पहले की तरह आगे भी काम करते रहेंगे
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों पर 10 जून को होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी की जायेगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि ३१ मई है। भाजपा के गोपालनारायण सिंह‚ भाजपा के सतीशचंद्र दूवे‚ जदयू के रामचंद्र प्रसाद और राजद की मीसा भारती का कार्यकाल सात जुलाई को समाप्त हो रहा है जबकि समाजवादी नेता शरद यादव की सीट चार दिसम्बर २०१७ से ही रिक्त पड़़ी हुई है। इन्हीं पांच सीटों चुनाव कराये जा रहे हैं। बिहार विधानसभा की मौजूदा सदस्य संख्या के अनुसार एक सीट पर जीत के लिए ४०.५ वोट की आवश्यकता पड़े़गी। ऐसी स्थिति में भाजपा को दो‚ जदयू को एक और राजद को दो सीट मिलना तय है। केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी की जायेगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि ३१ मई निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच एक जून को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि तीन जून निर्धारित की गयी है। मतदान १० जून को सुबह नौ से दोपहर बाद चार बजे तक होगा। मतगणना १० जून को ही पांच बजे से विधानसभा स्थित मतदान केंद्र पर ही होगी। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार विधानसभा के सचिव को निर्वाची पदाधिकार नियुक्त किया है। नामांकन २४ से ३१ मई तक दिन के ग्यारह से दोपहर बाद तीन बजे तक विधानसभा के सचिव के कक्ष में दाखिल किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने हेगड़े़ को दी बधाई
मुख्यमंत्री एवं जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए जदयू के अनिल हेगड़े को बधाई दी। नीतीश से सोमवार को यहां एक‚ अणे मार्ग स्थित संकल्प में जदयू से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सांसद अनिल हेगड़े ने निर्वाचन प्रमाण–पत्र के साथ मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने हेगड़े़ को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







