विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने विधान परिषद चुनाव में मिली सफलता के बाद कहा कि चुनाव में हमारी संख्या लगातार बढ रही है। पिछली बार जब जदयू और राजद ने मिलकर चुनाव लडा था तो हमने चार सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार लेफ्ट के साथ मिलकर लडे तो हमने ६ सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं‚ हमारे तीन बागी भी जीते हैं। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर और प्रतिनिधित्व देकर हम लोग आगे बढ रहे हैं। अब पुराना दौर बदल रहा है और जिनसे कभी हमारा फासला हुआ करता था वह आज कम हो रहा है।
उधर‚ राजद के सभी विधान पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़़ी देवी से शुक्रवार को मुलाकात की। इस दौरान राजद के सभी विधान पार्षद भी मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ने भी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को बधाई दी। विधान पार्षदों ने अपनी जीत का सेहरा तेजस्वी के माथे पर ही बांधा। इस दौरान तेजस्वी यादव ने यह साफ कर दिया कि पुराना दौर बदल रहा है और जिन से कभी फासला हुआ करता था वह आज मिट रहा है। चुनाव में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों में पटना सीट से कार्तिक कुमार‚ मुंगेर से अजय कुमार सिंह‚ सीवान सीट से विनोद जायसवाल‚ गया सीट से कुमार नागेन्द्र उर्फ रिंकू यादव‚ पश्चिम चंपारण से सौरव कुमार और सहरसा सीट से अजय सिंह शामिल हैं।
राजद विधायकों और विधान पार्षदों की जिम्मेवारी बढ़ीः विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने राजद के सभी विधान पार्षदों के साथ शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़़ी देवी के आवास पर बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजद विधायक एवं विधान पार्षदों की जिमेदारी बढ गई है। उन्हें जनता की आवाज को सदन में उठाना है। उन्हें सामाजिक न्याय दिलाना है। राजद के विधायक एवं विधान पार्षद अपने को जनता के बीच रखें‚ उनसे अपनी घनिष्ठता को बढाएं। अभिवंचित‚ दबाए‚ सताए लोगों तक पहुंचें। उनकी समस्याओं को सुनें और समाधान निकालें। समाज में नफरत का जहर घोलने वालों की मंशा को नाकाम करें। सामाजिक सद्भाव को हर तरफ बनाये रखें। उन्होंने विधान पार्षदों को परिषद में विपक्ष की भूमिका मजबूती से निभाने को कहा। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़़ी देवी‚ विधान पार्षद रामचन्द्र पूर्वे‚ सुनील कुमार सिंह एवं रामबली सिंह‚ नवनिर्वाचित विधान पार्षद कार्तिक कुमार‚ अजय कुमार सिंह‚ विनोद जायसवाल‚ कुमार नागेन्द्र उर्फ रिंकू यादव‚ सौरव कुमार और अजय सिंह शामिल थे।