दलितों का जो थोडा बहुत उत्थान हुआ है‚ वह बाबा साहब की देन है। प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदांनद सिंह ने ये बात कहीं। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेड़कर राष्ट्र निर्माता भी थे। वे उच्च कोटि के विद्वान तो थे ही उन्होंने जीवन पर्यन्त दलितों के उत्थान के लिए कार्य किया। सोमवार को प्रदेश राजद कार्यालय में बाबा साहेब की ६५वीं पुण्यतिथि एवं बाबरी मस्जिद शहादत दिवस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की अध्यक्षता में मनायी गयी। इस अवसर पर बाबा साहेब के चित्र पर माल्र्यापण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब ने छूआ–छूत और सामाजिक विषमता के खिलाफ आवाज बुलंद की। शाोषणविहीन और समता मूलक समाज की स्थापना के लिए वे जीवन पर्यन्त संघर्षरत रहे। १९९२ में आज ही के दिन बाबरी मस्जिद के विध्वंश पर गहरा दुःख व्यक्त किया। शहादत दिवस पर दो मिनट का मौन रखा गया।
जदयू ने बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
बाबा साहेब ड़ॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर सोमवार को जदयू ने पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर दलित बस्ती में झंडोत्तोलन करने वाले महादलित समाज के रामदेव चौधरी‚ सूरज मांझी और ब्रजनंदन रविदास जी को सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा ने कहा कि भारत निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। हमारी पार्टी गांधी‚ लोहिया‚ जेपी और बाबा साहेब की विचारधारा से प्रभावित है और इसी विचारधारा को जन जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। पार्टी ने बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर प्रदेश के सभी प्रखंड मुख्यालयों में कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया। विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि महादलित समाज के लोगों को सम्मान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने दलित बस्ती में झंडोत्तोलन का ऐतिहासिक निर्णय लिया। २०११ से शुरू हुआ यह कार्यक्रम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भी शराबबंदी के पक्षधर थे। उनकी इसी विचारधारा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने बिहार में शराबबंदी का निर्णय लिया।







