राहुल गांधी पॉलिटिकल टूरिस्ट हैं। यूपी के लखीमपुर खीरी के एक घर में वे जाते हैं लेकिन इसके अलावा भी वहां तीन लोगों की मौत हो गई थी‚ जिनके यहां राहुल गांधी नहीं गए। कश्मीर में हाल में ही शिक्षक को गोलियों से भून दिया गया। इसके अलावा भी कई लोग मारे गए और मारे जा रहे हैं। इसकी चिंता उन्हें नहीं है। न तो वे कश्मीर की कोई भी घटना पर दुख जताते हैं और न हीं उनकी सुध लेने उनके घर जाते हैं। उनके बारे में सोचते तक नहीं हैं। उन्हें केवल जहां राजनीतिक फायदा नजर आता है वहीं जाते हैं। ये बातें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने कहीं। शनिवार का वे भाजपा नेता व बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश तिवारी के पाटलिपुत्र स्थित आवास पर नवरात्र की भजन संध्या पर आयोजित फलाहार पार्टी में पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ईद में लोग इफ्तार मनाते हैं और लोग वहां जाते हैं। इसी तरह नवरात्र में आयोजित होने वाले फलाहार पार्टी में भी लोगों को जाना चाहिए। दो नजर से इसे नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण में बिहार में अच्छा काम हुआ है। उन्होंने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे़य को बधाई दी। साथ ही कहा कि यूपी में लोग कहते थे कि यह मोदी टीका है‚ लेकिन जब पिता ने टीका ले लिया तो पुत्र भी चुपके से जाकर टीका ले लिए। गिरिराज सिंह ने भजन संध्या में हिस्सा ले रहे कलाकारों को सम्मानित किया और माता के भजनों पर ताली बजाकर कलाकारों का हौसला आफजाई करते रहे। कार्यक्रम में राज्यपाल फागु चौहान‚ विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह‚ उपमुख्यमंत्री रेणु देवी‚ पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी‚ पंचायती राज्यमंत्री सम्राट चौधरी‚ भाजपा प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार‚ भाजपा प्रदेश मीडि़या प्रभारी अशोक भट्ट सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। ॥ भजन संध्या में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह‚ राज्यपाल फागु चौहान‚ सांसद सुशील मोदी व अन्य ।







