जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के लिए बिहार के प्राय: सभी जिलों से लोग आज पटना पहुंचे हैं। अक्टूबर महीने के पहले सोमवार के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार आज मुख्यमंत्री मुख्य रूप से पुलिस व जमीन से जुड़े मामले सुनते हैं। हर महीने के पहले सोमवार को जनता दरबार में गृह विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार, कारा, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, निगरानी, खान एवं भूतत्व तथा सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़ी शिकायतें सुनी जाती हैं। इसके लिए पहले से ही आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन के बाद अप्वाइंटमेंट मिलने पर ही जनता दरबार में आना है। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं।
शुरुआती शिकायतों में अधिकतर मामले जमीन विवाद से जुड़े रहे। एक शख्स ने बताया कि उसके पट्टीदार ने 50 लाख रुपए की जमीन 7 लाख रुपए में ही बेच दी है। उसने बताया कि उनका पट्टीदार काफी पहले गांव छोड़कर अपना हिस्सा लेकर कहीं और चला गया था। इस बीच उसे पता चला कि गांव के खतियान में उसका नाम अब भी है तो उसने दोबारा गांव आकर जमीन को औने-पौने दाम में बेच दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस से जुड़ी शिकायतें लेकर ढेरों लोग मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं। इसमें केस की सही तरीके से जांच नहीं करने, परेशान करने जैसी तमाम शिकायतें शामिल हैं। इसके अलावा मद्य निषेध विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़ी शिकायतों की भी भरमार है। मुख्यमंत्री एक दिन में आम तौर पर करीब 150 लोगों की शिकायतें सुनते हैं। कोविड प्रोटोकाल को देखते हुए यह सीमा निर्धारित की गई है।







