मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि १७ सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चले कोरोनारोधी टीकाकरण महाअभियान के तहत ३० लाख टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था‚ लेकिन बिहार ने इस लक्ष्य को पार करते हुए ३० लाख ६७ हजार ९१८ लोगों का टीकाकरण किया‚ जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में चलाये गये इस महाअभियान में बिहार प्रथम स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी और कहा कि उम्मीद है कि विभाग आगे भी इसी मनोयोग के साथ निरंतर काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों के आपसी सहयोग से प्रदेश में ७२ पीएसए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट विभिन्न अस्पतालों में लगाये गये हैं। इनमे ३८ प्लांट पीएम केयर फंड और ३४ प्लांट राज्य सरकार के संसाधन से लगाये गये हैं। इससे कोरोना की संभावित तीसरी लहर के साथ–साथ अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर राज्य सरकार का प्रयास लगातार जारी है। टेस्टिंग और वैक्सीनेशन दोनों की संख्या बढाने पर जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से राज्य में अब मात्र ७१ एक्टिव मरीज हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत एएनएम रंजु कुमारी एवं जीएनएम वंदना कुमारी को प्रशस्ति–पत्र एवं १०–१० हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उधर‚ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कोरोनारोधी टीकाकरण का जो लक्ष्य हमने निर्धारित किया था‚ वह मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में हमने प्राप्त करने का काम किया है। १७ सितम्बर को बिहार ने पूरे देश में सर्वाधिक टीकाकरण किया है। अब तक राज्य में लगभग चार करोड ९६ लाख लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी और कहा कि इस महाभियान में लगभग १४ हजार ५०० सत्र संचालित किये गये थे‚ जो पूरे देश में एक दिन में टीकाकरण के लिए संचालित सत्रों की संख्या में सर्वाधिक है। राज्य में २०२४ सामान्य चिकित्सकों की नियुक्ति की गयी है और आने वाले कुछ दिनों में ९०० और चिकित्सक बहाल किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि नौ महीनों में २० हजार २०० नर्सों को बहाल किया जायेगा। सीवान और जमुई में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जायेंगे। ज्ञातव्य है कि १७ सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देश ने कोविड टीकाकरण के अभियान में शुक्रवार को एक विश्व कीर्तिमान कायम किया।
कार्यक्रम में कुम्हरार विधायक अरुण कुमार सिन्हा‚ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार‚ स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव‚ प्रत्यय अमृत‚ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार‚ राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह‚ मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं अपर कार्यपालक निदेशक अनिमेष कुमार पराशर आदि उपस्थित थे।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव : आज शाम थम जाएगा प्रचार-प्रसार , बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की मेगा रैली
बांकीपुर विधानसभा में 30 जुलाई को उपचुनाव है। आज यानी 28 जुलाई शाम प्रचार-प्रसार थम जाएगा। राजद की रेखा गुप्ता...







