लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के बारे में राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के ‘Who is Tej Pratap’ वाले बयान से लालू के लाल इतने लाल हो गए हैं कि पार्टी के भीतर कोहराम मचा हुआ है. तेज प्रताप ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ रौद्र रूप धारण कर लिया है. लालू के लाल ने अब ठान लिया है कि आरजेडी में उनकी पहचान पूछने वाले जगदानंद सिंह पर कार्रवाई कराए बिना वो अब शांत नहीं बैठेंगे. यही नहीं तेज प्रताप ने न्यूज18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में यह ऐलान भी कर दिया कि वो डंके की चोट पर शुक्रवार को आरजेडी दफ्तर भी पहुंचेंगे और जरूरत पड़ी तो लोगों को अपनी पहचान भी बता देंगे कि वो लालू यादव की संतान हैं, जो किसी से नहीं डरते.
तेज प्रताप यादव ने सीधे सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. यही नहीं न्यूज 18 को तेज प्रताप ने यह भी बताया कि वो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से इस बाबत न सिर्फ शिकायत करेंगे, बल्कि जगदानंद सिंह पर कार्रवाई की मांग भी करेंगे. जब तक कार्रवाई नहीं होती वो पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में शामिल भी नहीं होंगे. तेज प्रताप के गुस्से का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तेज प्रताप जगदानंद सिंह के खिलाफ मुकदमा करने तक को भी तैयार हैं.
RJD में कौन है धृतराष्ट्र और मामा शकुनी
इशारों-इशारों में तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव के खास सलाहकार संजय यादव पर भी हमला बोल रहे हैं. वहीं, तेज प्रताप ने इनपर चुटकी लेते हुए कहा कि आज पार्टी के भीतर धृतराष्ट्र और शकुनी जैसे लोग हम दोनों भाइयों को एक-दूसरे से दूर करने में लगे हैं, जिसमें वो सफल नहीं हो पाएंगे. तेज प्रताप ने यहां तक कह दिया कि अगर ऐसे लोग तेजस्वी यादव के साथ रहते हैं तो तेजस्वी का मुख्यमंत्री बनना संभव नहीं है.
तेजप्रताप यादव ने बृहस्पतिवार को अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ आर–पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए धमकी दी कि उनपर कार्रवाई के बाद में ही अब वह दल के किसी कार्यक्रम में शामिल होंगे। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को हिटलर कहकर संबोधित करने वाले तेजप्रताप यादव का उनपर गुस्सा आकाश यादव को छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये जाने के बाद और भड़क गया है। तेजप्रताप ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन कर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के खिलाफ आर–पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। ॥ उन्होंने पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को साफ शब्दों में कह दिया है कि जगदानंद सिंह के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाये‚ अन्यथा वह पार्टी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। तेजप्रताप ने कहा कि जगदानंद सिंह ने पार्टी के संविधान का उल्लंघन किया है और अगर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है‚ तो वे राजद के संविधान को लेकर अदालत जायेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी को भी हटाने से पहले नोटिस दी जाती है‚ लेकिन छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव को बिना नोटिस अचानक हटा दिया गया। लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने आज मुझे निशाने पर लिया है। कल लालू और उनके पूरे परिवार को ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह हमारे परिवार को बांटना चाहते हैं तथा वे हम दोनों भाइयों को लड़ाना चाहते हैं। उनकी मंशा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की है और वे लालू प्रसाद के जेल जाने के बाद से ही इस कोशिश में लगे हुए हैं। वे अध्यक्ष नहीं बन पाने से हताश हैं और पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं। तेजप्रताप ने कहा कि पार्टी में दोहरी राजनीति और प्रदेश अध्यक्ष की मनमानी को चलने नहीं दूंगा। पार्टी में जब भी कुछ गलत हुआ है‚ तो मैंने विरोध किया है और आगे भी करते रहेंगे। वह छात्र राजद के संरक्षक है‚ इस नाते छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष को हटाने से पहले जगदानंद सिंह को मुझसे बात करनी चाहिए थी।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और लालू प्रसाद के बड़े़ लाल तेजप्रताप के बीच का विवाद खुलकर सतह पर आ गया है। इस विवाद के पीछे छात्र राजद के सम्मेलन में तेजप्रताप द्वारा जगदानंद को इशारों ही इशारों में हिटलर कहना और पार्टी में मनमानी करने का आरोप था। इसके बाद जगदानंद ने काफी दिनों से राजद कार्यालय और पार्टी से संपर्क खत्म कर लिया था। मान–मनौव्वल के बाद पार्टी कार्यालय में लौटते ही जगदानंद ने तेजप्रताप के करीबी और छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष आकाश कुमार को पद से बर्खास्त कर दिया।
इसके बाद अब लालू के लाल तेजप्रताप की बारी थी जगदानंद पर हमला बोलने की। लिहाजा‚ गुरुवार को उन्होंने अपना गुस्सा राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद पर निकालते हुए कहा कि कि वे पार्टी संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं। बगैर कारण बताओ नोटिस के ही आकाश को हटा दिया और अपने खास गगन यादव को इस पद पर बैठा दिया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके समर्थकों को जान का खतरा भी है। इन सबके बीच‚ गुरुवार को जगदानंद ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सवालिया लहजे में पूछा‚ हू इज तेज प्रताप। मैं नहीं जानता। उन्होंने कहा कि वे केवल राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव को जानते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव हैं और उनके सिवा कोई मुझसे स्पष्टीकरण नहीं पूछ सकता।
वहीं‚ विधायक तेजप्रताप यादव ने एक बार फिर ट्वीट कर प्रदेश अध्यक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट में कहा‚ जिस प्रवासी सलाहकार के इशारे पर पार्टी चल रही है वह हरियाणा में अपने परिवार से किसी को सरपंच नहीं बनवा सकता। वह खाक मेरे अर्जुन को मुख्यमंत्री बनवाएगा‚ वह प्रवासी सलाहकार सिर्फ लालू परिवार और आकाश में मतभेद पैदा कर सकता है। दूसरी तरफ‚ नवादा के बाढ प्रभावित क्षेत्रों का गुरुवार को दौरा करने के लिए जाने से पूर्व यहां प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पत्रकारों से पार्टी के अंदर जारी खींचतान को लेकर कहा‚ जब हमें इसकी चिंता नहीं है तो आप लोग इतनी चिंता क्यों कर रहे हैं। जब हम हैं‚ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव हैं तो सब ठीक हो जाएगा।







