नीतीश मंत्रिमंडल का मंगलवार को विस्तार किया गया। 17 नए मंत्री बनाए गए। इनमें भारत में सबसे कम उम्र के केंद्रीय मंत्री बनने वाले शाहनवाज हुसैन भी हैं तो पटना के बांकीपुर से लगातार चौथी बार विधायक बने नितिन नवीन भी शामिल हैं। गोपालगंज से सांसद रह चुके जनक राम भी मंत्री बनाए गए हैं, तो दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज कुमार सिंह बब्लू भी नीतीश कैबिनेट की शोभा बढ़ाएंगे। मंत्रिमंडल के इस विस्तार में जदयू की लेसी सिंह एकमात्र महिला सदस्य हैं।
शाहनवाज हुसैन (भाजपा)
शाहनवाज हुसैन ने काफी कम उम्र में राजनीति का पहला पायदान हासिल कर लिया था। 1997 में एक कार्यक्रम के दौरान शाहनवाज हुसैन का भाषण सुनकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि यह लड़का बहुत अच्छा बोलता है, अगर पार्लियामेंट में भेजा जाए तो बड़े-बड़ों की छुट्टी कर देगा। शाहनवाज भारत के सबसे कम उम्र के केंद्रीय मंत्री बने। 2003 से 2004 तक उन्होंने कैबिनेट मिनिस्टर के रूप में कपड़ा मंत्रालय संभाला। 2004 के आम चुनाव में हार के बाद शाहनवाज 2006 में उपचुनाव में भागलपुर सीट से जीते। 2009 में भागलपुर से शाहनवाज को दोबारा जीत मिली। लेकिन, 2014 के लोकसभा चुनाव में जब पूरे देश में मोदी की लहर थी, शाहनवाज को हार का सामना करना पड़ा। तब से लेकर अब तक वे अपनी राजनीति को मजबूत करने में लगे रहे। हालांकि भाजपा इस दौरान उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाकर उनसे संगठन का काम लेती रही। उन्होंने इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई की है और 5-5 मंत्रालय संभालने का अनुभव है। 1999 में उन्हें फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज, यूथ अफेयर और खेल जैसे मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया। 2001 में उन्हें कोयला मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दिया गया। सितंबर 2001 में नागरिक उड्डयन पोर्टफोलियो के साथ कैबिनेट मंत्री बनाया गया।