भोजपुर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात करने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज बिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने घुटनों पर बैठकर भरत तिवारी की फोटो पर फूल चढ़ाए और श्रद्धांजलि दी।
परिवार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा, ‘जिस तरह से प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने भरत तिवारी की हत्या की, ये लोकतांत्रिक और सभ्य समाज में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जिन पर लोगों की रक्षा का जिम्मा है, वहीं ऐसा करेंगे तो लोगों का विश्वास कानून से उठ जाएगा। इसलिए दोषी पुलिस वालों को सजा मिलनी चाहिए।’
चिराग ने कहा, कार्रवाई को दुनिया देखेगीः पिता
चिराग पासवान से मुलाकात के बाद भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा, उन्होंने न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। कहा है, सबकी जांच होगी। भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने बताया कि चिराग पासवान से बहुत अच्छे से बात हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है।
शाह से मिलकर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की
इससे पहले गुरुवार को चिराग पासवान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उनसे भरत तिवारी एनकाउंटर पर बात हुई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने भरत एनकाउंटर के साथ-साथ राजगीर में हुए पासवान समाज के दो युवकों की हत्या का मामला भी उठाया।
चिराग पासवान ने इस मुलाकात की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर साझा की। इधर, आज होने वाले उनके दौरे को लेकर गांव और आसपास के इलाके में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के भी उनके साथ पहुंचने की संभावना है।

‘गोली मारना पूरी तरह से गलत और कानून के खिलाफ है’
गुरुवार को पटना पहुंचने के बाद पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्दी की आड़ में निर्दोष लोगों पर गोली चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा हथियार कहां से आए ये जांच का विषय है, लेकिन ये एनकाउंटर पूरी तरह गलत है। परिजन और समर्थकों की ओर से शुरू से ही एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
डीएसपी की पोस्टिंग नहीं होनी चाहिए थीः मंत्री मदन सहनी
इधर, भरत तिवारी एनकाउंटर में आरोपी डीएसपी राजेश शर्मा को फिर से पोस्टिंग दिए जाने के सवाल पर मंत्री मदन सहनी ने दरभंगा में कहा, “ये निणर्य तो सरकार को लेना है, हम लोग कैसे कह सकते हैं कि पोस्टिंग सही है या नहीं है, लेकिन किसी भी मामले में कोई आरोपित है, खास कर जब इतनी बड़ी घटना हुई है। देश भर के लोग दुखी हैं, देश-दुनिया से लोग बिलौटी गांव आ रहे हैं, तो कहीं न कहीं इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जिस पर इतना बड़ा आरोप है उसकी पोस्टिंग नहीं होनी चाहिए।”







