बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने डिप्टी सीएम के पद को लेकर जेडीयू के लिए असमंजस वाली स्थिति ला दी है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने डिप्टी सीएम बनने से पहले बड़ी शर्त रख दी है. बताया जा रहा है कि निशांत ने स्पष्ट कहा है कि वह किसी भी सूरत में डिप्टी सीएम का पद स्वीकार नहीं करेंगे. निशांत का कहना है कि वह बिना किसी सदन का सदस्य बने डिप्टी सीएम नहीं बनना चाहते हैं. वह चुनाव जीतकर एमएलए (MLA) बनने के बाद डिप्टी सीएम बनेंगे तो यह अच्छा रहेगा.
हालांकि बताया जा रहा है कि निशांत कुमार को मनाने के लिए जेडीयू के बड़े नेता और उनके करीबी रिश्तेदार लगातार प्रयास कर रहे हैं. कल से ही उन्हें समझाने का दौर जारी है, लेकिन आज सुबह 11 बजे तक भी वह अपने फैसले पर कायम बताए जा रहे हैं. इस घटनाक्रम ने जेडीयू के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. पार्टी के भीतर अब यह बड़ा सवाल बन गया है कि अगर निशांत कुमार तैयार नहीं होते हैं, तो आखिर डिप्टी सीएम पद के लिए किसे चुना जाएगा. पार्टी नेतृत्व लगातार मंथन में जुटा हुआ है. हालांकि सूत्र यह भी बता रहे हैं कि जेडीयू के बड़े दिग्गज नेता निशांत कुमार को मना लेंगे.
सूत्रों का कहना है कि जेडीयू आज शाम तक कोई वैकल्पिक फैसला ले सकती है. अगर देर शाम तक भी निशांत अपने रुख में बदलाव नहीं करते हैं, तो स्थिति और जटिल हो सकती है. ऐसी भी चर्चा है कि अगर मामला नहीं सुलझता है, तो कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ नए मुख्यमंत्री ही शपथ ले सकते हैं, जबकि डिप्टी सीएम के नाम पर फैसला बाद में लिया जा सकता है. फिलहाल, सबकी नजरें जेडीयू की अगली रणनीति और निशांत कुमार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं.







