बिहार चुनाव में महज अब कुछ महीनों का समय ही बाकी है. लेकिन, अब तक महागठबंधन की ओर से सीएम पद के दावेदार की घोषणा नहीं की गयी है. हालांकि आरजेडी की ओर से बार-बार तेजस्वी यादव को ही सीएम पद का दावेदार बताया जा रहा है. दरअसल बक्सर से आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने इंडिया गठबंधन की बैठक पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग पर कोई मतभेद नहीं है.
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने तो नीतीश को अपना सीएम फेस बता दिया है। अब इंडिया गठबंधन से सीएम फेस कौन होगा, इस पर गुरुवार को हुई बैठक में वाम दलों ने तो स्पष्ट कर दिया कि तेजस्वी होंगे। कांग्रेस ने भी इशारों में सहमति दी है।
पटना में गुरुवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। बैठक में तय हुआ- एक-एक सीट पर उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग होगी। स्क्रीनिंग के बाद तय होगा कि किस पार्टी का उम्मीदवार मजबूत है। जो एनडीए को कड़ी टक्कर दे सकेगा, उसे ही टिकट मिलेगा। वहीं, सीएम फेस को लेकर सहमति बनती दिखी। कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। एलायंस का सीएम फेस कौन पूछने पर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बोले- आप जो समझ रहे हैं, वही है। लेकिन वाम दलों ने तेजस्वी को सीएम चेहरा माना। बैठक में तेजस्वी को सीएम फेस कह कर संबोधित किया गया। 5 जुलाई को राजद अध्यक्ष का निर्वाचन और राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। उसके बाद सीट बंटवारे की प्रक्रिया तेज होगी। बैठक तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित घर पर हुई। यह को-ऑर्डिनेशन कमेटी की चौथी बैठक थी।
बिहार एलायंस की कोऑर्डिनेशन कमेटी में 6 दल शामिल हैं। बैठक में सहमति बनी कि इन दलों के नेता अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों की सूची बनाएंगे। उसके बाद इस पर कॉर्डिनेशन कमेटी मिल बैठकर सीटों की संख्या और प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाएगी। कुछ सीटों में अदली-बदली और वीआईपी की मजबूत सीटों को छोड़ कर अन्य सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले का आधार 2020 विधानसभा चुनाव वाला ही होगा।
इधर, बैठक में नहीं बुलाए जाने से झामुमो नाराज, चेताया- अकेले लड़ेंगे
इंडिया गठबंधन दलों की बैठक में आमंत्रण नहीं मिलने से झामुमो ने नाराजगी प्रकट की है। पार्टी केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हमारी पार्टी ‘इंडिया’ की सहयोगी है। बिहार में हमारी अनदेखी ठीक नहीं। अनदेखी हुई तो हम जल्द अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। बिहार में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पार्टी ने अपने महाधिवेशन में भी निर्णय लिया है कि बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसी हिसाब से पार्टी तैयारी में जुटी है। हमारी रणनीति क्या होगी, कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसकी रणनीति तैयार हो रही है।
9 जुलाई को वामदलों के भारत बंद को बिहार एलायंस का पूरा समर्थन
बैठक में तय हुआ कि वाम दलों के 9 जुलाई के भारत बंद में सभी दल ताकत दिखाएंगे। बैठक में राजद से तेजस्वी यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी, संजय यादव व रणविजय साहू। कांग्रेस से कृष्णा अल्लावरु, राजेश राम, शकील अहमद खान व मदन मोहन झा। माले से कुणाल और केडी यादव, वीआईपी से मुकेश सहनी, सीपीआई के राम नरेश पांडेय और सीपीएम के अजय कुमार शामिल हुए।
एनडीए के नैरेटिव का जवाब देने की तैयारी… लक्ष्य- हर सीट पर जीत हो
को-ऑर्डिनेशन कमेटी की 5 सब कमेटियों की बैठक में ये तय हुआ कि हर कमेटी में एक संयोजक होगा। सभी छह दल मिलकर प्रचार करेंगे। सभी 6 दलों के नेता चौक-चौराहों से लेकर हर गोष्ठियों में एनडीए के झूठे प्रचारों का जवाब देंगे। पंचायत स्तर तक साझा कार्यक्रम होंगे। हर उम्मीदवार के लिए एकजुट प्रचार होगा। बूथ स्तर पर भी साझा रणनीति बनेगी। लक्ष्य है-हर सीट पर एलायंस की जीत।







