अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एयर इंडिया के विमान हादसे की जांच डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने अपनी जांच शुरू कर दी है. डीजीसीए एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है. इस फुटेज में प्लेन के टेकऑफ के बाद की घटना स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं, जो हादसे की वजह को समझने में मददगार साबित हो सकते हैं. जानकारी के अनुसार, विमान टेकऑफ के बाद केवल 31-32 सेकंड तक हवा में रह सका, जिसके बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
डीजीसीए ने इस हादसे की तह तक जाने के लिए कई पहलुओं पर जांच शुरू की है. सबसे पहले, वे सीसीटीवी फुटेज, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर (CVR) की जानकारी को एक साथ जोड़कर हादसे की पूरी तस्वीर तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं. इसके अलावा, उड़ान के शुरुआती क्षणों में संभावित समस्याओं की पड़ताल की जा रही है. इनमें पक्षी से टकराने की घटना, इंजन का फेल होना, थ्रस्ट में कमी, पायलट की ओर से कोई चूक, या फिर तकनीकी या सॉफ्टवेयर खराबी जैसे कारण शामिल हैं.
साथ ही, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ हुई बातचीत और उसकी रिकॉर्डिंग की भी गहन जांच होगी. डीजीसीए प्लेन की मेंटेनेंस हिस्ट्री और उड़ान से पहले की जांच रिपोर्ट को भी देख रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या विमान में पहले से कोई खराबी मौजूद थी. जांच में यह 27 सेकंड की अवधि विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसी दौरान विमान ने ऊंचाई खोनी शुरू की थी. विशेषज्ञों का कहना है कि इस छोटी अवधि में हुई घटनाएं हादसे की जड़ तक पहुंचने में अहम भूमिका निभा सकती हैं.







