अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था।
विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही है।
पीएम मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वे घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए, जहां वे करीब 10 मिनट पीड़ितों से मिले।
एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई।
इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है।
आज के 4 बड़े अपडेट्स
- प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट लिए जा रहे हैं।
- प्लेन क्रैश साइट पर NSG की टीम जांच के लिए पहुंच गई है।
- अहमदाबाद पुलिस स्निफर डॉग लेकर क्रैश साइट पर पहुंची है, ताकि मलबे में दबे किसी और जीवित व्यक्ति की तलाश की जा सके।
- एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर मृतकों के परिजन की मदद के लिए हेल्प सेंटर खोला है। भारत के लिए 1800 5691 444 और भारत के बाहर से 8062779200 पर संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद में प्लेन क्रैश साइट का जायजा लेने, घायलों से मिलने और विजय रूपाणी के परिवार से मिलने के बाद अब दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. इससे पहले पीएम मोदी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सीएम, मंत्रिमण्डल और अधिकारियों के साथ बैठक की.
फ्लाइट का एक ब्लैक बॉक्स मिला
अहमदाबाद प्लेन क्रैश का शिकार हुए बोइंग 787 ड्रीमलाइनर का एक ब्लैक बॉक्स मिल गया है. दूसरे ब्लैक बॉक्स की तलाश जारी है. इस ब्लैक बॉक्स से यह खुलासा हो जाएगा कि टेकऑफ के तुरंत बाद इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ.
अब तक पांच शवों की पहचान हुई, परिजन को सौंपे गए
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में कल से ही 70 से 80 डॉक्टरों की टीम तैनात है।
अब तक पहचाने गए पांच शवों को सम्मान के साथ उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
इनमें राजस्थान के 2, भावनगर के 2 और मध्य प्रदेश का 1 शव शामिल है।


पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- ‘आज अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। तबाही का मंजर बेहद दुखद है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों और अधिकारियों से मुलाकात की, जो लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस त्रासदी में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।’
उन्होंने कहा- इस विमान दुर्घटना से हम सभी बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। इतने लोगों की अचानक और दिल तोड़ देने वाली मौत को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। हम उनके दर्द को समझते हैं और जानते हैं कि इस हादसे से जो खालीपन बना है, उसे भरने में सालों लग जाएंगे।
घटनास्थल पर तलाशी अभियान जारी, कुछ और अंग मिले
घटनास्थल पर अभी भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें मिली सभी चीजों को इकट्ठा किया जा रहा है। आज सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ और अंग मिले हैं, जिन्हें सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में लाया गया है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की बैठक
प्लेन क्रैश को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. इस बैठक में गुजरात के सीएम, गृह मंत्री और केंद्रीय उड्डयन मंत्री शामिल हैं. इस समीक्षा बैठक में पीएम मोदी अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ले रहे हैं और आगे के एक्शन प्लान पर चर्चा हो रही है.







