वक्फ संशोधन बिल को लेकर जेडीयू के अंदर उत्पन्न भ्रम को दूर करने के लिए पार्टी की ओर से पटना में मुस्लिम समाज को महत्वपूर्ण संदेश देने की तैयारी चल रही है. जेडीयू के मुस्लिम नेताओं की नाराज़गी की खबरों के बीच डैमेज कंट्रोल में जुटी जेडीयू ने अपने एमएलसी ख़ालिद अनवर की ओर से मंगलवार को एक ईद मिलन समारोह का आयोजन कराया है. इसमें जेडीयू के सभी मुस्लिम नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है और कई मुस्लिम संगठनों के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है.
इस आयोजन के माध्यम से मुस्लिम समाज को यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि नीतीश कुमार उनके सच्चे हितैषी हैं. कार्यक्रम स्थल पर एक बड़ा ताजमहल का पोस्टर लगाया जाएगा, जिसमें नीतीश कुमार की तस्वीर भी लगाई जाएगी, ताकि अल्पसंख्यकों को मोहब्बत का संदेश दिया जा सके. आयोजक जेडीयू एमएलसी ख़ालिद अनवर का कहना है कि नीतीश कुमार जैसा सेक्युलर नेता इस देश में कोई दूसरा नहीं है और उनके होते हुए मुस्लिम समाज का कोई अहित नहीं हो सकता, जिस तरह पिछले 19 सालों से बिहार में हिंदू-मुस्लिम अमन-चैन से रह रहे हैं, आगे भी रहेंगे.
बिहार में विधानसभा चुनाव होने में अभी करीब छह महीने से ज्यादा का वक्त बचा है। लेकिन अभी से ही हर बड़ी और छोटी पार्टियां चुनावी मोड में उतर चुकी है। साथ ही जब से देश में वक्फ संशोधन बिल पास हुआ है तब से बिहार की राजनीतिक गलियारे में भूचाल सा आ गया है। जदयू के साथ-साथ लोजपा (रामविलास) की पार्टी में शामिल मुस्लिम नेताओं का इस्तीफा का दौर भी जारी है। वक्फ संशोधन बिल को लेकर विपक्षी पार्टी सत्ता पक्ष पर जबरदस्त हमलावर है।
सुबह 11 बजे होगी NDA कैबिनेट की बैठक
आपको बता दें कि इन सबके बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी काफी एक्टिव मोड में दिख रहे हैं। केवल नीतीश कुमार ही नहीं सरकार में शामिल सभी पार्टियों के मंत्री भी चुनावी मोड में आ चुके हैं। वहीं आज यानी आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुबह 11 बजे एनडीए सरकार की कैबिनेट की अहम बैठक होने वाली है। बताया जा रहा है कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बता दें कि इस बैठक में नीतीश कुमार के अलावा दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित तमाम एनडीए के मंत्री शामिल होंगे।







