दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहली सभा को संबोधित किया. किराड़ी में बीजेपी के उम्मीदवार बजरंग शुक्ला के पक्ष में उन्होंने रैली की. इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या आप यमुना में स्नान कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि मैं और मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी संगम में स्नान कर सकते हैं तो क्या आम आदमी पार्टी के लोग यमुना में स्नान कर सकते हैं?
‘आप झूठ बोलेन की एटीएम मशीन’
सीएम योगी ने आम आदमी पार्टी को झूठ बोलने की एटीएम मशीन बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में आप ने रोहिंग्या को बसाया. आप की बातों में अब दिल्ली के लोग नहीं आएंगे. अब लोग यूपी का विकास मॉडल देखना चाहते हैं. दिल्ली को अव्यवस्था और कूड़े का ढेर बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली का कायाकल्प बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है.
‘दिल्ली में बिजली यूपी से तीन गुना महंगी’
सीएम योगी ने कहा कि नोएडा की सड़कें देखिए. दिल्ली की सड़कों पर गड्ढे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली में एनडीएमसी इलाके को छोड़ दें तो किसी भी महानगर से दिल्ली में पावर कट सबसे ज्यादा हैं. यूपी से तीन गुना ज्यादा दिल्ली में बिजली का पैसा लेते हैं लेकिन 24 घंटे बिजली नहीं देते.
‘दिल्ली में यूपी की तरह डबल इंजन की सरकार चाहिए’
किराड़ी की जनसभा में उन्होंने कहा कि आप की पॉलिसी बांटो और राजनीति करो की है. आप पार्टी ने जनता को गुमराह करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि जैसे यूपी डबल इंजन की सरकार का लाभ प्राप्त कर रहा है, उसी तरह दिल्ली के अंदर भी भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से लोकसभा चुनाव में अपना फैसला सुना चुकी है. इस विधानसभा चुनाव में भी जनता जनार्दन फैसला करने का मन बना चुकी है.
एक व्यक्ति और उसके गिरोह को खिलवाड़ करने की छूट क्यों दी है हमने- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा, ‘एनडीएमसी को छोड़ दीजिए तो बाकी दिल्ली में पेयजल, सड़क की क्या स्थिति है…बहुत बदतर है. एक दशक पहले लोग सुविधा के लिए दिल्ली आते थे. पूरा देश दिल्ली आता था. आज क्या स्थिति है. सड़क और गड्ढे में पता ही नहीं चलता. एक व्यक्ति और उसके गिरोह को खिलवाड़ करने की छूट क्यों दी है हमने.’
CM योगी का अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर सीधा हमला बोला है. चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप सरकार की पाप का भोग मथुरा के लोगों को भुगतना पड़ता है. केजरीवाल एंड कंपनी ने कभी सहयोग नहीं किया जिससे यमुना साफ हो सके. सीएम योगी ने कहा कि केजरीवाल काम नहीं करना चाहते हैं. इनका काम सुबह से सोशल मीडिया के जरिए झूठ बोलना है. झूठ बोलने की एटीएम है आप.







