दिल्ली NCR को मंगलवार दोपहर आंधी तूफान ने हिला दिया. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज दोपहर अचानक बादल छाये और फिर तेज आंधी आई. दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद जैसे इलाकों में तेज आंधी चली. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में आज बारिश होने का भी अलर्ट है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से अगले एक हफ्ते के बीच हल्की फुल्की बारिश देखने को मिलती रहेगी. दिल्ली एनसीआर में अगले तीन घंटों में भारी बारिश का अलर्ट है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ के साथ उत्तर भारत में ऐसा बारिश का अलर्ट है. वहीं मॉनसून मुंबई पहुंच चुका है.
छतरपुर, इंडिया गेट, राजपथ समेत राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली. कई जगहों पर बोर्ड भी इस कारण उखड़ गए. जबकि पेड़ पौधों की शाखाएं टूटने से भी दिक्कतें हुईं. आंधी के बीच फ्लाईओवर, ट्रैफिक वाली सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा दिक्कत हुई.
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत में 23 से 26 जून के बीच और फिर 29 जून को आंधी, तूफान, बिजली गिरने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में भी 23 जून को आंधी के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. वेस्ट यूपी में 23 और 28-29 जून को आंधी के साथ बारिश होने का अलर्ट है.
मौसम विभाग ने अगले दो दिन दिल्ली एनसीआर में ऐसे ही मौसम रहने का अनुमान जताया है. मॉनसून भले ही अभी उत्तर भारत पहुंचने में देरी हो, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से छिटपुट बारिश दिल्ली, यूपी, पंजाब से हरियाणा, राजस्थान में होती रहेगी. राजस्थान में धूल भरी आंधी का भी अलर्ट है.
वहीं मॉनसून की बात करें तो वो मुंबई पहुंच चुका है. महाराष्ट्र के दूसरे इलाकों को भी इसने आगोश में ले लिया है. तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में भी मॉनसून की बारिश हो रही है. हालांकि 1 से 22 जून तक अभी तक 43 फीसदी तक मॉनसूनी बारिश की कमी रिकॉर्ड की गई है.
बिहार, झारखंड में भी मॉनसून की बारिश हो रही है. हालांकि मॉनसून अल नीनो के कारण पिछले एक हफ्ते तक अटका रहा. इसके बाद मॉनसून फिर सक्रियता पकड़ रहा है. हालांकि यह दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में जून के अंत तक ही पहुंच सकता है.







