कुशेश्वरस्थान में महिलाओं का उत्साह चरम पर
दरभंगा जिले की कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में वोटिंग को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। महिलाएं पुरुषों की तुलना में ज्यादा मजबूती से अपने मताधिकार का उपयोग कर रही हैं। विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतार देखी जाहिए। सुबह 1 बजे तक कुल 36.55 प्रतिशत वोट पड़े थे। कतारबद्ध महिला मतदाओं ने कहा कि वोट हमारा अधिकार है। हमें अपनी सरकार चुननी है। सो, हम सक्रिय हैं।
तारापुर और कुशेश्वरस्थान में मतदान की रफ्तार धीमी
चुनाव आयोग से जारी आंकड़ों के मुताबिक तारापुर और कुशेश्वरस्थान में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। आयोग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक सुबह 1 बजे तक कुशेश्वरस्थान में केवल 36.55 फीसद, जबकि तारापुर में केवल 39 फीसद मतदान ही दर्ज किया गया है। दोनों सीटों को मिलाकर औसत मतदान करीब 37.92 फीसद है।
बिहार विधानसभा की दो विधानसभा सीट- तारापुर और कुशेश्वरस्थान में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी है। तारापुर विधानसभा से जदयू उम्मीदवार राजीव सिंह ने घर में पूजा-पाठ की। इसके बाद तारापुर के मध्य विद्यालय परसा में मतदान करने पहुंचे। वहीं, कुशेश्वरस्थान की बूथ संख्या 205 पर पहुंचने के लिए नाव का सहारा लिया गया। यहां नाव से मतदाता बूथ पहुंचे।

वोटिंग अपडेट्स…
- कुशेश्वरस्थान विधानसभा में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक कुल 7.88 % वोटिंग हुई है।
- उपचुनाव में सबसे अधिक महिला मतदाताओं की भागीदारी देखने को मिल रही है।
- तारापुर से जदयू उम्मीदवार राजीव सिंह ने मतदान के बाद जीत का दावा किया।
- कुशेश्वरस्थान की तुलना में तारापुर में महिलाओं की संख्या ज्यादा दिख रही है।

इधर, तारापुर में सुबह 7 बजे से ही बड़ी संख्या में महिलाएं मतदान केंद्र पर दिख रही हैं। इससे पहले तारापुर की बूथ संख्या 136 पर मॉक पोल संपन्न हुआ। नक्सल प्रभावित होने की वजह से शाम 4 बजे तक ही इस बूथ पर वोटिंग होगी। यहां बड़ी संख्या में पुलिस जवान को तैनात किया गया है।

विधायकों के निधन से खाली हुई सीटें
तारापुर और कुशेश्वरस्थान के विधायकों के निधन के बाद यह सीटें खाली हुई थी। तारापुर से विधायक मेवालाल चौधरी का निधन कोरोना से हो गया था। कुशेश्वरस्थान के विधायक शशि भूषण हजारी की लंबी बीमारी से निधन हो गया था। दो का विधायक जनता दल यूनाइटेड से थे।

NDA की ओर से दोनों सीट पर JDU के उम्मीदवार
NDA के तरफ से दोनों सीटों पर JDU के ही उम्मीदवार उतारे गए हैं। वजह यह है कि यह दोनों सीटें पहले JDU के पास थी। JDU ने तारापुर से कुशवाहा समाज के राजीव कुमार सिंह को उतारा है। दिवंगत विधायक मेवालाल चौधरी के पुत्र ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। वहीं कुशेश्वरस्थान से जेडीयू ने दिवंगत विधायक शशि भूषण हजारी के पुत्र अमन हजारी को इस चुनाव में उतारा है।

उपचुनाव में महागठबंधन में टूट
उपचुनाव में RJD और कांग्रेस के बीच का गठबंधन टूट गया। RJD में दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, तो कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। तारापुर से RJD ने अरुण शाह को उम्मीदवार बनाया है तो , कुशेश्वरस्थान से गणेश भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है। कुशेश्वरस्थान आरक्षित विधानसभा क्षेत्र है ऐसे में कांग्रेस ने अपने पुराने उम्मीदवार अशोक राम के पुत्र अतिरेक कुमार को उतारा है तो तारापुर से राजेश मिश्रा को चुनाव लड़ाया है। इन सबके अलावा तीसरा फैक्टर चिराग पासवान का भी है। उन्होंने कुशेश्वरस्थान से अंजू देवी उतारा है। तारापुर से चन्दन सिंह पर विश्वास जताया है ।
तारापुर से 12 और कुशेश्वरस्थान से 8 उम्मीदवार
तारापुर से कुल 12 उम्मीदवार उतरे हैं, जिनकी किस्मत का फैसला यादव 65,000, कुशवाहा 58,000, अति पिछड़ा 48,000, वैश्य 40,000, सवर्ण 40,000, SC 35,000, मुस्लिम 22,000 और अन्य 9,000 कुल 3,17000 मतदाता करेंगे। वहीं, कुशेश्वरस्थान से कुल 8 उम्मीदवार मैदान में है। इनकी किस्मत का फैसला यादव 30 हजार, मुसलमान 26 हजार, मुसहर 25 हजार, मल्लाह 25 हजार, कुर्मी-कोयरी-कुशवाहा 36 हजार, फॉरवर्ड सभी 25 हजार, पासवान 18 हजार, राम 10 हजार, अति पिछड़ा 30 हजार और शेष अन्य सभी 30 हजार हैं।







