उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना को लेकर जमकर सियासत जारी है। आज लखीमपुर हिंसा के मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा की पुलिस रिमांड के लिए कोर्ट में सुनवाई होनी है। क्राइम ब्रांच की टीम ने लखीमपुर खीरी कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने आशीष मिश्रा की पुलिस रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की है, जिस पर आज सुबह 11 बजे सुनवाई होगी। इस मसले पर सियासत भी लगातार जारी है। महाराष्ट्र में MVA सरकार में शामिल तीनों पार्टियों शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने आज बंद बुलाया हुआ है। आज बुलाए गए इस बंद को लेकर महाराष्ट्र की अलग-अलग जगहों पर पोस्टर लगाए गए हैं और लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की गई है।
बेस्ट द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सुबह-सुबह धारावी, मानखुर्द, शिवाजी नगर, चारकोप, ओशिवरा, देवनार और इनऑर्बिट मॉल के पास नौ बसें क्षतिग्रस्त हो गईं, इनमें पट्टे पर किराए पर ली गई एक बस भी शामिल है। बयान में कहा गया, ‘‘बेस्ट प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है और स्थिति की समीक्षा के बाद सभी डिपो से बसों का संचालन किया जाएगा।’’
शिवसेना के कार्यकर्ताओ ने जबरन ऑटो वालों को बन्द करवाया
मुंबई में महाराष्ट्र बंद को जबरन सफल करवाने के लिए शिवसेना के कार्यकर्ता गुंडई पर उतर आए। उन्होंने मुंबई के कई इलाको में ऑटो वालों के साथ मार- पिटाई भी की। शिवसेना कार्यकर्ताओं की गुंडई की तस्वीरें कैमरे में कैद हो गई हैं। शिवसेना कार्यकर्ता ऑटो वालों पर लाठी और थप्पड़ों की बौछार करते नजर आए।
पुणे की सब्ज़ी मंडी में भी बंद का असर
महा विकास अघाड़ी ने लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में आज बंद का आह्वान किया है, पुणे की सब्ज़ी मंडी में भी बंद देखा गया। पुणे APMC के एडमिनिस्ट्रेटर ने कहा, “यहां सब्ज़ी-फल के रोज़ 800-900 वाहन आते हैं, लेकिन कल 2,000 वाहन आए थे। मंडी आज बंद रहेगी, कल से खुलेगी”
महाराष्ट्र बंद के दौरान बेस्ट की 8 बसें तोड़ी गईं
महाराष्ट्र बंद के दौरान बेस्ट की 8 बसें तोड़ी गई हैं। शिवाजीनगर, चारकोप, ओशिवारा, देवनार और गोरेगांव में बसों में तोड़फोड़ हुई है। बेस्ट ने कहा है कि जब पुलिस सिक्योरिटी मिलेगी, तभी वो बेस्ट की सर्विस शुरू करेंगे।
किसान मोर्चा की योगी सरकार को चेतवानी
संयुक्त किसान मोर्चा ने भी यूपी और केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि अगर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को 11 अक्टूबर तक पद से हटाया नहीं गया और उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई तो संयुक्त किसान मोर्चा विरोध-प्रदर्शन करेगा।
राहुल गांधी की अगुवाई में राष्ट्रपति से मिलेगा डेलीगेशन
कांग्रेस पार्टी ने लखीमपुर कांड को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने का समय मांगा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रपति को पत्र लिखा है। कांग्रेस का 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेगा और लखीमपुर खीरी से जुड़े फैक्ट्स उनके सामने रखेगा। इस दल में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, एके एंटोनी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, केसी वेणुगोपाल और अधीर रंजन चौधरी शामिल होंगे।
आज कांग्रेस नेताओं का मौन व्रत, प्रदेश कमेटी के प्रमुख मौन व्रत करेंगे
कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता आज लखीमपुर कांड को लेकर अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग करते हुए मौन व्रत रखेंगे। सभी राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे राजभवन और सेंट्रल गवर्नमेंट के ऑफिस के बाहर मौन व्रत रखेंगे। कांग्रेस ने सभी प्रदेश कमेटियों से कहा है कि लखीमपुर हिंसा में मारे गए लोगों के लिए न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी और गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा पर कार्रवाई की मांग करें।







