शाहरुख के बेटे आर्यन को अगले दो दिन और जेल में ही रहना होगा। मुंबई सेशन कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर 13 अक्टूबर को सुनवाई करने का आदेश दिया है। आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने स्पेशल NDPS कोर्ट में शनिवार को एप्लीकेशन दायर की थी। आर्यन की पैरवी करने के लिए हिट एंड रन केस में सलमान खान का पक्ष रखने वाले वकील अमित देसाई आर्यन की पैरवी करने के लिए कोर्ट पहुंचे थे।
कोर्ट में देसाई ने कहा कि इस केस में आर्यन एकमात्र शख्स हैं, जिनके पास से कोई रिकवरी नहीं हुई है। देसाई की इस दलील के बाद NCB ने कोर्ट में जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। NCB के वकील एसपीपी चिमेलकर ने कहा, ‘आमतौर पर NCB को जवाब दाखिल करने में एक सप्ताह का समय लगता है। देसाई ने जो तथ्य रखे हैं, वे सही नहीं हैं। हम जांच के कागजात भी रिकॉर्ड में रखेंगे। मुझे कम से कम 2-3 दिन का समय दीजिए।’
आर्यन और NCB के वकील में तीखी बहस
आर्यन के वकील देसाई ने दलील दी कि शुक्रवार को जमानत अर्जी दाखिल होने के बाद NCB के पास जवाब देने के लिए 2 दिन का समय था। इस दौरान वे लगातार गिरफ्तारियां कर रहे थे, जो मीडिया रिपोर्ट्स में देखा जा सकता है। इस पर NCB के दूसरे वकील एसपीपी सेठना ने कहा कि हमें जमानत का आवेदन कल ही मिला था। इस मामले में कोई अर्जेंसी नहीं है। इसलिए हमने जो 2 दिन का समय मांगा है, वह उचित है। इस पर आर्यन के दूसरे वकील मानशिंदे ने कहा कि यह नॉर्मल केस नहीं है, लेकिन कोर्ट ने इस पर अगली सुनवाई बुधवार यानी 13 अक्टूबर को दोपहर 2.45 बजे करने का आदेश दिया।

रविवार को इस केस में हुई 20वीं गिरफ्तारी
क्रूज ड्रग्स मामले में NCB ने गोरेगांव से दूसरे विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने उसके पास उसके पास से काफी मात्रा में कोकीन बरामद की है। NCB ने बताया कि आरोपी नाइजीरिया का नागरिक है। उसका नाम ओकारो औजामा है। NCB के मुताबिक, यह विदेशी नागरिक ड्रग्स केस की अहम कड़ी है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसको मिलाकर क्रूज ड्रग्स केस में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ड्राइवर का बयान आर्यन के खिलाफ जा सकता है
NCB ने शनिवार को शाहरुख के ड्राइवर से लंबी पूछताछ की थी। जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर ने ये स्वीकार किया है कि उसने आर्यन खान और अरबाज मर्चेंट को क्रूज टर्मिनल पर ड्रॉप किया था। ड्राइवर के बयान को भी आधार बनाकर NCB, कोर्ट में आर्यन खान की जमानत का विरोध करेगी। सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख के ड्राइवर ने NCB को बताया है कि आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, प्रतीक गाबा के साथ एक और शख्स आर्यन के बंगले मन्नत से एक साथ मर्सिडीज गाड़ी में निकले थे। ये सभी लोग एक साथ क्रूज पार्टी के लिए निकले थे। क्रूज पार्टी से कुछ दिन पहले ड्रग्स को लेकर बातचीत भी हुई थी, जिसका NCB को सबूत मिला है।
जेल में आर्यन खान का चौथा दिन
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ड्रग्स मामले में 8 अक्टूबर से ऑर्थर जेल में हैं। आर्यन को 2 अक्टूबर को NCB ने मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज शिप पर उनके दोस्त अरबाज खान के साथ पकड़ा था। बताया गया है कि NCB को आर्यन के पास से कोई ड्रग्स नहीं मिली थी। आर्यन ने पूछताछ में शौकिया तौर पर ड्रग्स लेने की बात कुबूली थी। उनके दोस्त अरबाज मर्चेंट के अपने जूते में चरस छिपाने की बात भी सामने आई थी।







