बिहार की राजधानी पटना में अब हेलीकॉप्टर से शहर घूमने का सपना सच हो गया. शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ के तहत पटना जॉय राइड की शुरुआत की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद पर्यटकों को टिकट दिए. हेलीकॉप्टर के पायलट को बैच पहनाकर रवाना किया. दोपहर 3:40 बजे पहली उड़ान भरी गई. पहली राइड में पांच पर्यटकों ने आसमान से पटना का खूबसूरत नजारा देखा.
हेलीकॉप्टर करीब 1200 फीट की ऊंचाई तक उड़ता है. 10 मिनट की इस यात्रा में गंगा नदी, जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव), गोलघर, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और पटना शहर के कई प्रमुख स्थान ऊपर से दिखाई देते हैं. पर्यटकों ने इस अनुभव को यादगार बताया. इस जॉय राइड का किराया 2100 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. हर राइड 10 मिनट की होगी और हर 30 मिनट पर एक नई उड़ान संचालित की जाएगी.
2100₹ में आसमान से देख सकेंगे पटना
पहले दिन चार राइड का कार्यक्रम रखा गया था. करीब 80 लोगों ने पहले ही अपनी सीट बुक करा ली थी, जबकि पहले दिन 20 लोगों ने हवाई सफर का आनंद लिया. पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि 2100 रुपये में लोगों को आसमान से पटना देखने का मौका मिल रहा है. उन्होंने बताया कि जल्द ही 4000 रुपये में राजगीर की हेलीकॉप्टर राइड भी शुरू की जाएगी. फिलहाल यह सेवा हर वीकेंड रहेगी.
बिहार पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
हालांकि, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए शुरू की गई हेलीकॉप्टर सेवा में अभी तक कोई बुकिंग नहीं हुई है. पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इन जगहों के लिए भी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी. सरकार का मानना है कि इस नई पहल से बिहार में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. लोगों को अपने शहर और राज्य को एक नए अंदाज में देखने का मौका मिलेगा.







