पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी कैंडिडेट अभिषेक कुमार उर्फ बंटी नामांकन करेंगे। अभिषेक के नॉमिनेशन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद रवि शंकर प्रसाद शामिल होंगे।
नामांकन से पहले अभिषेक महावीर मंदिर में पूजा करेंगे। पर्चा भरने के बाद कार्यक्रम और सभा भी करेंगे। जानकारी के मुताबिक, RJD प्रत्याशी रेखा गुप्ता भी गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
वहीं, जनसुराज के प्रशांत किशोर 11 जुलाई को पर्चा भरेंगे। पीके के अलावा अन्य पार्टियों के उम्मीदवार और निर्दलीय उम्मीदवार भी नॉमिनेशन करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। अब तक 3 लोगों ने नामांकन किया है।

पीके बांकीपुर में कर रहे जनसंवाद
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहले ही चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। वो रोजाना 7 घंटे जनसंपर्क कर रहे हैं। बुधवार को भी पीके ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 35 एवं 29 में पदयात्रा कर लोगों से जनसंपर्क किया। पदयात्रा की शुरुआत उन्होंने चिरैयाटांड़ दुर्गा मंदिर से की। वहीं, जन सुराज को बड़ा झटका भी लगा है। पार्टी के नेता बिट्टू सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बीजेपी को समर्थन देने की घोषणा की है। बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी के समर्थन में कैंपेनिंग करेंगे।
राजद में उम्मीदवार को लेकर खींचतान
इधर, राजद ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, रेखा गुप्ता की उम्मीदवार को लेकर पार्टी के अंदर ही खींचतान शुरू हो गई है। वहीं, राजद के इस फैसले से कांग्रेस भी नाराज बताई जा रही है। बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर उपचुनाव के लिए 13 जुलाई तक नॉमिनेशन होगा। जबकि 30 जुलाई को वोटिंग होगी। नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।
कौन हैं बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी
बीजेपी ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार बंटी को अपना उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक कायस्थ जाति से आते हैं और नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं।
PK के समर्थन में शत्रुघ्न सिन्हा
TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को उनका समर्थन किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने पीके के इस फैसले की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ‘जबरदस्त हलचल’ मचा दी है, साथ ही जनता से उनके पक्ष में वोट की अपील भी की। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से दो-दो बार सांसद भी रह चुके हैं।
जनसुराज सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव के लिए 11 जुलाई शनिवार को नामांकन दाखिल करेंगे। पर्चा 13 जुलाई तक भरा जा सकेगा। 30 जुलाई को वोटिंग होगी। जबकि नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा बोले- पीके की एंट्री से जबरदस्त उत्साह
पीके का समर्थन करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर लिखा-बिहार में राजनीतिक धमाका… सबसे काबिल, दूरदर्शी, बेहतरीन बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर तरह से सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले, सराहे जाने वाले और चर्चा में रहने वाले व्यक्तित्व प्रशांत किशोर आखिरकार चुनावी मैदान में उतर आए हैं। पटना, बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में उतरकर उन्होंने राजनीतिक हलकों और पूरे देश में जबर्दस्त हलचल मचा दी है।
बता दें कि इस सीट पर कायस्थ समुदाय का लंबे समय से दबदबा रहा है। शत्रुघ्न सिन्हा भी कायस्थ समुदाय से आते हैं। उन्होंने आगे लिखा, “एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते, मुझे यह खबर राजनीतिक रूप से बेहद दिलचस्प और निश्चित रूप से जबर्दस्त लगती है।आज ‘सबकी एकता’ समय की मांग है। उम्मीद, इच्छा और प्रार्थना है कि आम लोग और खासकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करेंगे, कर सकते हैं और उन्हें करना चाहिए।”
RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को बनाया उम्मीदवार
वहीं, RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। रेखा गुप्ता भी वैश्य समाज से आती हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी रेखा गुप्ता RJD की ओर से उम्मीदवार थीं। हालांकि, वे बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन से हार गईं थी। हालांकि, राजद के इस फैसले से कांग्रेस नाराज बताई जा रही है। कांग्रेस बांकीपुर को अपनी पारंपरिक सीट बता रही है। कांग्रेस नेता ने विपक्ष का साझा उम्मीदवार बनाने की मांग की है, लेकिन RJD इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं है। इधर, रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद RJD के अंदर ही खींचतान शुरू हो गई है। मंगलवार को पटना पहुंचे राजद नेता सुरेंद्र यादव ने पत्रकारों से कहा, ‘हम उनको जानते ही नहीं है। जो नहीं जानते हैं काहे जबरदस्ती बोल रहे हो।’
लालू यादव ने भरा पर्चा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए लालू प्रसाद यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा।सारण जिले के मढ़ौरा स्थित जादो रहीपुर गांव के निवासी 47 साल के लालू यादव ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। उनपर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उनके पास कुल नकद एक लाख रुपए और पत्नी के पास 50 हजार है। किसी का कोई कर्ज या देनदारी नहीं है। एक अल्टो कार और तीन बीघा पुश्तैनी जमीन है। बुधवार को एक अन्य उम्मीदवार निरंजन कुमार आचार्य ने राइट टू रिकॉल पार्टी से पर्चा दाखिल किया।







