ईरान-अमेरिका डील के बाद इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कांग्रेस की ओर से भी इस पर प्रतिक्रिया सामने आई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार कहा कि यह खबर स्वागतयोग्य है कि अमेरिका और ईरान एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे, भले ही पूरी जानकारी अभी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है। सबको उम्मीद है कि दोनों देश -और साथ ही इजरायल भी इस समझौते का पालन करेंगे। इसके साथ ही जयराम रमेश ने कहा कि होर्मुज खुलने से भारत को राहत मिलेगी लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अर्थव्यवस्था के सामने जो सकट है वह दूर हो जाएंगी।
जयराम रमेश ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि होर्मुज स्ट्रेट के बिना किसी प्रतिबंध के फिर से खुलने से भारत को निश्चित रूप से बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद समस्याएं जल्द ही दूर हो जाएंगी। यह चिंता पश्चिम एशिया में मौजूदा युद्ध से पहले की हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा के सिर्फ दो दिन बाद शुरू हुआ था। रुपया एक वर्ष से अधिक समय से काफी दबाव में था और डॉलर की मांग और आपूर्ति के बीच अंतर बढ़ता जा रहा था।
इसके साथ ही जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि निवेश की दर सुस्त रही है। इसके पीछे के कारण भी उनकी ओर से गिनाए गए। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में वास्तविक मजदूरी में ठहराव है। चीन से आयात की डंपिंग पर रोक लगाने में मोदी सरकार विफल रही है जिसके कारण रिकॉर्ड व्यापार घाटा हुआ है। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाते हुए कहा कि टैक्स अधिकारियों और जांच एजेंसियों को दी गई अनियंत्रित शक्तियों के कारण कुल मिलाकर निवेश का माहौल खराब हुआ है।
जयराम रमेश ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान, जिसे नवंबर 2008 में मुंबई में आतंकी हमलों को अंजाम दिलाने के बाद भारत ने सफलतापूर्वक अलग-थलग कर दिया था, अब लगता है कि उसने नया क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभाव हासिल कर लिया है। पाकिस्तान के रणनीतिक ढांचे में चीन की गहरी पैठ के कारण यह स्थिति भारत की विदेश नीति के लिए एक गंभीर भू-राजनीतिक चुनौती बन गई है। पीएम मोदी से यह उम्मीद करना बहुत ज्यादा होगा कि वे इजरायल के प्रति अपनी अंधभक्ति और बिना शर्त समर्थन पर पुनर्विचार करेंगे। लेकिन मानवीय पहलुओं और लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धताओं से अलग, हमारा राष्ट्रीय हित उस संतुलन की मांग करता है, जो पीएम मोदी ने नहीं दिखाया है।







