अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो ने नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की। इस दौरान रक्षा, व्यापार और टेक्नोलॉजी को लेकर दोनों नेताओं के बीच अहम चर्चा हुई। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से व्हाइट हाउस आने का न्योता भी दिया। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अन्य अधिकारी भी इस मीटिंग में शामिल हुए। पीएम मोदी ने मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए बताया कि भारत और अमेरिका दुनिया की भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “सेक्रेटरी ऑफ स्टेट, मिस्टर मार्को रुबियो का स्वागत करके खुशी हुई। हमने इंडिया-यूएस कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में लगातार हो रही तरक्की और रीजनल और ग्लोबल शांति और सिक्योरिटी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इंडिया और यूनाइटेड स्टेट्स दुनिया की भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
सर्जियो गोर ने एक्स पर दी जानकारी
इस मीटिंग के बारे में जानकारी देते हुए भारत में अमेरिकी एम्बेसडर सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, “हमने सिक्योरिटी, ट्रेड और जरूरी टेक्नोलॉजी में अमेरिका-इंडिया को ऑपरेशन को गहरा करने के तरीकों पर एक अच्छी बातचीत की। ये ऐसे एरिया हैं, जो हमारे दोनों देशों को मजबूत करते हैं और एक फ्री और ओपन इंडो-पैसिफिक को आगे बढ़ाते हैं। इंडिया, यूनाइटेड स्टेट्स का एक जरूरी पार्टनर है।”
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार (23 मई 2026) को अपनी पहली भारत यात्रा पर कोलकाता पहुंचे. चार दिन के भारत दौरे पर आए रुबियो ने शहर पहुंचते ही सेंट टेरेसा की संस्था ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ का दौरा किया. कोलकाता एयरपोर्ट पर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मार्को रुबियो सीधे ‘मदर हाउस’ पहुंचे, जहां उन्होंने संस्था के अधिकारियों से मुलाकात की और वहां चल रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली.
‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ की स्थापना मदर टेरेसा ने की थी. यह एक कैथोलिक संस्था है, जो दुनिया भर में गरीबों, बीमारों और असहाय लोगों की मदद के लिए काम करती है. कोलकाता स्थित ‘मदर हाउस’ इस संस्था का मुख्यालय है. जानकारी के मुताबिक रुबियो अपने कोलकाता दौरे के दौरान एक बाल गृह का भी दौरा करेंगे.
14 साल बाद किसी अमेरिकी विदेश मंत्री का कोलकाता दौरा
अमेरिका के किसी विदेश मंत्री का यह 14 साल बाद कोलकाता दौरा है. इससे पहले मई 2012 में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन कोलकाता आई थीं. मार्को रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नई सरकार बनी है.
पीएम मोदी से भी करेंगे मुलाकात
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि मार्को रुबियो की यह भारत की पहली यात्रा है. उन्होंने बताया कि बाद में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाकात होगी.इस दौरान व्यापार, तकनीक, रक्षा, क्वाड और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी बात होगी.
26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार मार्को रुबियो 23 से 26 मई तक भारत यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान वह कोलकाता के अलावा आगरा, जयपुर और नई दिल्ली भी जाएंगे. इस दौरे को कूटनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहयोग, रक्षा साझेदारी और क्वाड देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है.
पश्चिम एशिया संकट के बीच 26 को सजेगा क्वॉड का मंच
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक सहयोग मजबूत करने के लिए भारत 26 मई को क्वॉड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आ रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक यह बैठक स्वतंत्र और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र का साझा नजरिया आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।
कोलकाता से दिल्ली रवाना हुए मार्को रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपनी पत्नी जीनेट डी. रुबियो के साथ दिल्ली रवाना होने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। भारत दौरे के तहत रुबियो ने कोलकाता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जिसके बाद वह आगे की बैठकों और कूटनीतिक कार्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय राजधानी रवाना हुए। इस दौरान अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट गेब्रियल भी उनके साथ यात्रा कर रहे हैं।
अमेरिकी राजदूत बोले- साझा मूल्यों पर टिकी है US-India साझेदारी
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ कोलकाता में मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया। सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि ऐसे क्षण यह याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत साझेदारी केवल मजबूत नीतियों पर ही नहीं, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की भावना पर भी आधारित है, जो सीमाओं से परे है।
निर्मला शिशु भवन मिशनरीज ऑफ चैरिटी से पत्नी संग रवाना हुए रुबियो
कोलकाता में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उनकी पत्नी जीनेट डी. रुबियो निर्मला शिशु भवन मिशनरीज ऑफ चैरिटी से रवाना हुए। Rubio के दौरे को लेकर इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले।
मिशनरीज ऑफ चैरिटी से पत्नी संग रवाना हुए मार्को रुबियो, अमेरिकी राजदूत भी रहे साथ
अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो कोलकाता स्थित मदर टेरेसा हाउस ऑफ द मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा किया। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं। दौरे के बाद दोनों मिशनरीज ऑफ चैरिटी परिसर से रवाना हुए। इस मौके पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे।







