भारतीय क्रिकेट में इन दिनों बिहार की प्रतिभाएं अपना जलवा बिखेर रही हैं। बिहार के क्रिकेटर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी को देखते हुए बिहार सरकार ने बिहार के क्रिकेटर ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये की राशि देकर सम्मानित किया है। बता दें, बिहार सरकार ने इसके पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित किया था। वैभव सूर्यवंशी फिलहाल आईपीएल में राजस्थान के लिए खेल रहे हैं। वहीं ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं।
सीएम सम्राट चौधरी ने ईशान किशन को दिया 1 करोड़ का चेक
भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को आज शुक्रवार को बिहार सरकार के मुखिया सीएम सम्राट चौधरी ने अपने आवास पर सम्मानित किया। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ईशान किशन को बिहार सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सीएम ने दी ईशान किशन को करियर के लिए शुभकामनाएं
सम्राट चौधरी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल, ईशान किशन को विश्व कप जिताने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपए की राशि देकर सम्मानित किया। सफल क्रिकेट करियर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं, बिहार का नाम यूं ही रोशन करते रहिए।’






