कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीएम मोदी (PM Modi) के खिलाफ दिए गए एक विवादित टिप्पणी पर फंसते दिख रहे हैं। बीजेपी ने खरगे के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत कर दी है। खरगे ने पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहा था। जिसपर पूरी भाजपा, कांग्रेस पर भड़की हुई है। इसे लेकर चुनाव आयोग से भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुलाकात की और कार्रवाई की मांग की।
बीजेपी ने खरगे के खिलाफ की शिकायत
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद कहा, “आज भाजपा के डेलीगेशन ने चुनाव आयोग से मुलाकात की। हम लोग दुखी मन और आक्रोशित होकर मिले हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरने ने आदरणीय प्रधानमंत्री को अपमानित किया है ये एक बहुत बड़ा विषय है- आतंकवादी कहना। आप समझ सकते हैं, कांग्रेस ऐसा कैसे प्रयोग कर सकती है- देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्द का इस्तेमाल देश को मंजूर नहीं। हमने खरगे पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, वो देश वासियों से माफी मांगें और आयोग इस पर कड़ा एक्शन ले।”
खरगे ने दी सफाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपनी टिप्पणी के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ नहीं कहा। प्रधानमंत्री राजनेताओं और उम्मीदवारों को डरा रहे हैं और इस संबंध में मैंने कहा था कि कर आतंकवाद हो रहा है, ईडी छापेमारी कर रही है, आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है, सीबीआई छापेमारी कर रही है। इस आतंकवाद को प्रधानमंत्री बढ़ावा दे रहे हैं। मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा; वे लोगों को डराने के लिए आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। वे छापेमारी के जरिए लोगों को चुप कराने और चुनावों में उन्हें हराने की कोशिश कर रहे हैं। चेन्नई में मैंने यही कहा था।”
भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया
भाजपा ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में मल्लिकार्जुन खरगे की ’’आतंकवादी’’ टिप्पणी का तत्काल संज्ञान ले और कांग्रेस अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश दिया जाए। आयोग को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत खरगे की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ ’’उपयुक्त दंडात्मक और नियामक कार्यवाही’’ शुरू की जाए और उन पर ’’उपयुक्त (चुनाव प्रचार) प्रतिबंध’’ लगाए जाएं।
खरगे ने पूरे देश का अपमान किया है
मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल दुख और आक्रोश के साथ आयोग के समक्ष पहुंचा। रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान है।
सीतारमण ने क्या कहा?
वहीं केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के समक्ष यह मुद्दा उठाया है कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति ने बेहद निंदनीय शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि यह बयान किसी निजी बातचीत में नहीं, बल्कि चुनावी राज्य चेन्नई में मीडिया को संबोधित करते हुए दिया गया, जहां प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा गया।
सीतारमण ने कहा कि आज देश एक गंभीर और भावनात्मक दिन मना रहा है, क्योंकि पुलवामा हमले की पहली बरसी पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि उस हमले में निहत्थे नागरिकों की उनके परिवारों के सामने हत्या की गई थी और देश आज उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे संवेदनशील समय की पूर्व संध्या पर कांग्रेस अध्यक्ष चुनावी राज्य चेन्नई गए, प्रेस कॉन्फ्रेंस की और यह बयान दिया।
पीएम मोदी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस का पैटर्न है
निर्मला सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना एक पैटर्न बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार इस तरह की भाषा का प्रयोग करती है और उसके व्यवहार में कोई बदलाव या सुधार नहीं आया है।







