कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मांड्या जिले में स्थित श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। यह मंदिर श्री श्री श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है, जो श्री अदिचुंचनगिरि मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे। मंदिर पारंपरिक द्रविड़ शैली में बना है और इसे उनकी जीवन यात्रा और समाज सेवा को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली से देहरादून के बीच बने 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 213 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे से यात्रा का समय 5-6 घंटे से घटकर करीब 2 से 2.5 घंटे हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों को जोड़ते हुए देहरादून तक जाता है और देश के बड़े हाईवे नेटवर्क से भी जुड़ता है।
इतना भी नहीं अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सहारनपुर में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने वाइल्डलाइफ कॉरिडोर पर रोड शो भी किया, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए सड़कों के किनारे खड़े नजर आए। यह पूरा दौरा विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को जोड़ने वाला माना जा रहा है।







