रोहतास जिले के सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद में कल जिस व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, उस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. चूंकि इस वायरल वीडियो की News18 पुष्टि नहीं करता है, लेकिन तस्वीरों में दिख रहा है कि किस प्रकार युवक के पैर में रस्सी बांधकर दिनदहाड़े सड़क पर घसीटा जा रहा है. साथ ही एक व्यक्ति ताबड़तोड़ उस पर लाठी-डंडों से प्रहार कर रहा है. बड़ी बात यह है कि आसपास लोग गुजर रहे हैं, गाड़ियां आ जा रही हैं, लेकिन कोई भी इस गुंडागर्दी को रोकने की कोशिश नहीं कर रहा है.
क्रूर और वीभत्स है दृश्य
सासाराम में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक वारदात के बाद जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसमें दिख रही बर्बरता और खुलेआम हो रही हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं दिखाई.
क्या है पूरा मामला?
रोहतास जिले के सासाराम में मंगलवार को दिनदहाड़े जमीन विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में दो पक्षों के बीच एक जमीन के टुकड़े को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी क्रम में घटना को अंजाम दिया गया था. जानकारी के अनुसार मंगलवार को इसी विवाद पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गई. इसके बाद 32 वर्षीय हसन रजा खान उर्फ आतिफ खान पर हमलावरों ने लाठी-डंडों, ईंटों और पत्थरों से हमला कर दिया. उनको सड़क पर बेरहमी से पीटा गया और उसे घसीटा भी गया. अब बुधवार को इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि युवक के पैर में रस्सी बांधकर उसे सड़क पर घसीटा जा रहा है, जबकि एक व्यक्ति लगातार लाठी से वार कर रहा है.
लाठी डंडों से लगातार प्रहार
हालांकि, इस वायरल वीडियो की News18 पुष्टि नहीं करता है, लेकिन जो वीडियो सर्कुलेट हो रहा है वह सासाराम का ही बताया जा रहा है, और इसमें दिख रहा है कि किस प्रकार युवक के पैर में रस्सी बांधकर दिनदहाड़े सड़क पर घसीटा जा रहा है. साथ ही एक व्यक्ति ताबड़तोड़ उस पर लाठी-डंडों से प्रहार कर रहा है. बड़ी बात यह है कि आसपास लोग गुजर रहे हैं, गाड़ियां आ जा रही हैं, लेकिन कोई भी इस गुंडागर्दी को रोकने की कोशिश नहीं कर रहा है. बताया जाता है कि पिटाई के बाद हसन रजा खान को गंभीर हालत में सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. हसन रजा खान पेशे से ड्राइवर थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे.
जमीन विवाद में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, जमीन के पुराने विवाद में कल हसन रजा खान की मारपीट कर हत्या कर दी गई थी. उसे एक गाड़ी में लादकर दूसरे थाना क्षेत्र में जाकर फेंक दिया गया था, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके. दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है. लेकिन जिस तरह से दबंगों के भय से कोई सामने नहीं आ रहा है, उससे लोगों में दहशत का माहौल है. इसी बीच सोशल मीडिया पर उस वारदात का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वीडियो में जिस शख्स को सड़क पर घसीटा जा रहा है, वह हसन रजा खान है, जिसकी कल हत्या कर दी गई थी.
कड़ी कार्रवाई करेगी पुलिस
बताया जा रहा है कि यह उसी दौरान की वीडियो है. चूंकि इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अब मारपीट का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी हम पुष्टि नहीं करते हैं. इस बीच पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है और एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सासाराम पुलिस ने छापेमारी कर हथियार बरामद किए हैं और वायरल वीडियो की जांच कर रही है. इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव है, इसलिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
भरोसा बहाल कर पाएगी पुलिस!
बहरहाल, सासाराम की यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों पर सवाल उठाती है. वायरल वीडियो ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है, लेकिन असली चुनौती ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की है. अब देखना होगा कि जांच और कार्रवाई के जरिए क्या इस मामले में न्याय मिल पाता है और लोगों का भरोसा बहाल हो पाता है.







