मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आज गयाजी और औरंगाबाद पहुंची। औरंगाबाद में नीतीश का मंच पर स्वागत किया गया। इसके बाद वे कुर्सी पर बैठे। पहले उन्होंने लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया फिर सैल्यूट करने लगे।
CM ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, 2005 में हमारी सरकार बनी। उसके पहले बिहार का बुरा हाल था। लोग शाम के वक्त घरों से बाहर नहीं निकलते थे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क का बुरा हाल था।
उन लोगों ने कोई काम नहीं किया था। वो गड़बड़ करते थे। 7 साल में हटा तो अपनी पत्नी को CM बना दिया। उसने महिलाओं के लिए कोई काम थोड़े किया।
अपने संबोधन के आखिर में CM मंच पर मौजूद नेताओं के बीच गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जतनराम मांझी और सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा।
इससे पहले गयाजी में जीतनराम मांझी ने कहा, नीतीश जी के जाने के बाद जो भी बिहार का मुख्यमंत्री होगा वो उनके चरण चिह्न पर ही चलेगा। अगर नहीं चलेगा तो वो नहीं चल पाएगा।
CM की स्पीच की बड़ी बातें
- वो लोग हिंदू-मुस्लिम झगड़े करवाते थे: पुरानी सरकार में आए दिन हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। हमारी सरकार आई तो हमने तेजी से कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवानी शुरू की। झगड़े बंद हुए। इसके बाद कहीं कहीं मंदिरों को लेकर भी विवाद होने लगा। हमने मंदिरों की भी बाउंड्री बनवाई। आज देखिए सब जगह शांति है। पुराने वालों के जैसा झगड़ा झंझट अब कहीं नहीं है।
- हमने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों के लिए काम किया: 2005 के पहले बिहार में कोई काम नहीं हुआ था। हमारी सरकार आई तो स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से काम किया गया। मेडिकल कॉलेज खुलवाए गए। बेड बढ़वाए गए। स्कूलों के लिए काम हुए। शिक्षकों की संख्या बढ़ाई गई। गांवों को सड़कों के जरिए शहरों से जोड़ा गया। पुल-पुलिया का काम करवाया गया। आज देखिए कहीं से कहीं जाने में आपको कितना कम समय लगता है।
- जंगलराज की याद दिलाई, लालू पर हमला: पहले वाली सरकार को कभी भूलिएगा नहीं। उन लोगों का समय बहुत डराने वाला था। लोग शाम में डर के मारे घरों से नहीं निकलते थे। महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। सब जगह उनके लोगों की पैरवी और सुनवाई होती थी। उन लोगों ने जनता के लिए कुछ नहीं किया सिर्फ अपनों को बढ़ावा दिया।
- मुफ्त बिजली, सोलर लगा रहे: बिहार में पहले बिजली का बहुत बुरा हाल था। आज देखिए हम आपको मुफ्त बिजली दे रहे हैं। गांव-गांव तक बिजली पहुंचा दी गई है। अब आपकी छतों पर सोलर लगा रहे हैं। इसके लिए भी आपको कुछ खर्च नहीं आएगा। सब काम सरकार करवा रही है।
- युवाओं को नौकरी-रोजगार दिए: हमने 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया है। आने वाले 5 सालों में हमने 1 करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। अबकी बार युवाओं को नौकरी-रोजगार का लक्ष्य और बढ़ाएंगे।
गयाजी में सब्जियों की घेराबंदी की गई
गयाजी में CM की यात्रा में फल-सब्जियों की घेराबंदी की गई। कल मुंगेर में समृद्धि यात्रा के दौरान इसी तरह की रंगोली से सब्जियों की लूट मच गई थी।
मुख्यमंत्री के जाते ही लोग सब्जी लेकर भागने लगे थे। अधिकारी नींबू लेकर जाते दिखे थे।
मुंगेर में मच गई थी सब्जियों की लूट
मुंगेर में गुरुवार को नीतीश की यात्रा खत्म होते ही आलू, प्याज, नींबू, बैंगन समेत अन्य सब्जियों की लूट शुरू हो गई थी।
नीतीश के स्वागत में सब्जियों से समृद्धि यात्रा लिखा गया था। जैसे ही नीतीश कुमार सभा खत्म करके निकले, लोग सब्जियों पर टूट पड़े। बकायदा झोले में वो सब्जियां भरकर ले गए।
अधिकारी लोगों को समझाते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। कोई नींबू तो कोई प्याज और आलू झोले में भरता दिखा। सब्जियों से सजावट कृषि विभाग की तरफ से की गई थी।







