कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने एक बार फिर अपने बेबाक और विवादित बयानों से देश की राजनीति में खलबली मचा दी है. केरल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपनी ही पार्टी हमला बोल दिया है. साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को लेकर भी विवादित बयान दिए हैं. उन्होंने एएनआई से बात करते हुए बताया पार्टी चाहे तो निकाल दे, मैं खुशी-खुशी चला जाऊंगा, लेकिन लात मारूंगा जोरदार. अय्यर ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की तारीफों के पुल बांधे.
मैं गांधीवादी हू, राहुलवादी नहीं
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए अय्यर ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, ‘राहुल गांधी शायद यह भूल गए हैं कि मैं पार्टी का सदस्य हूं. मैं गांधीवादी हूं, नेहरूवादी हूं और राजीववादी भी हूं, लेकिन मैं ‘राहुलियन’ (Rahulian) नहीं हूं.’ उन्होंने डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जीवनी का हवाला देते हुए खुद को पार्टी का एक ऐसा हिस्सा बताया जो ‘अलग’ है.
पवन खेड़ा को बताया ‘तोता’ और ‘कठपुतली’
अय्यर का गुस्सा यहीं नहीं थमा. जब कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने यह कहकर उनसे पल्ला झाड़ लिया कि ‘अय्यर का कांग्रेस से अब कोई लेना-देना नहीं है, तो अय्यर ने पलटवार करते हुए खेड़ा को ‘कठपुतली’ और ‘तोता’ करार दिया. उन्होंने कहा, ‘पवन खेड़ा कोई प्रवक्ता नहीं हैं, वह वही दोहराते हैं जो जयराम रमेश उन्हें सिखाते हैं. अगर खेड़ा मुझे निकालने की हिम्मत करते हैं, तो मैं बाहर जाकर उन्हें सबक सिखाऊंगा.





