भारतीय शेयर बाजार की आज ग्रीन ओपेनिंग हुई. शुरुआती कारोबार में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बढ़त के साथ खुले. सेंसेक्स 65 अंक चढ़कर 84,339 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 40 अंकों की छलांग लगाते हुए 25,975 पर पहुंच गया.
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन 3 परसेंट बढ़त के साथ सबसे ज्यादा मुनाफे पर रहा. इसके बाद टाटा स्टील और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन दोनों में 1-1 परसेंट की तेजी देखी गई. इसके विपरीत, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और HDFC बैंक जैसे बैंकिंग स्टॉक में कुछ गिरावट नजर आई. ब्रॉडर मार्केट में BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने क्रमशः 0.1 परसेंट और 0.2 परसेंट की बढ़त हासिल की.
एशियाई बाजारों में भी दिखी तेजी
बुधवार सुबह एशियाई बाजार में भी तेजी देखी गई. दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.1 परसेंट चढ़ा, स्मॉल-कैप कोस्डैक 0.33 परसेंट ऊपर उठकर कारोबार करता दिखा, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 27260 पर था, जो पिछले बंद 27183.15 से ज्यादा है. वहीं, जापान में बाजार पब्लिक हॉलिडे के चलते बंद हैं. आज नेशनल फाउंडेशन डे के मौके पर जापान में सार्वजनिक अवकाश है. यह दिन जापान के पहले सम्राट जिम्मू के राज्याभिषेक और देश की स्थापना होने की याद में मनाया जाता है.
वॉल स्ट्रीट में गिरावट
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए. इसके पीछे अमेरिका में रिटेल सेल्स के कमजोर डेटा को जिम्मेदार माना जा रहा है. S&P 500 इंडेक्स 0.33 परसेंट गिरकर 6941.81 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 0.59 परसेंट फिसलकर 23102.47 पर बंद हुआ. 52.27 पॉइंट्स या 0.10 परसेंट की बढ़त हासिल करते हुए डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 50188.14 के रिकॉर्ड लेवल पर बंद हुआ.
MSCI फरवरी 2026 रिव्यू
फरवरी 2026 के MSCI (Morgan Stanley Capital International) के ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में आदित्य बिड़ला कैपिटल और L&T फाइनेंस को जगह मिली है. जबकि IRCTC अकेला ऐसा भारतीय स्टॉक है, जिसे इंडेक्स से बाहर रखा गया है. इसी के इंडेक्स में अब भारतीय कंपनियों की संख्या 164 से बढ़कर 165 हो जाएगी.
इंडेक्स में शामिल होना किसी भी कंपनी के लिए पॉजिटिव होता है. इससे इसके शेयरों पर निवेशकों का भरोसा बढ़ता है, विदेशी निवेश आता है और लिक्विडिटी बढ़ती है. हर तीन महीने में इस इंडेक्स को अपडेट किया जाता है, जिसके तहत शेयर हटाए या जोड़े जाते हैं. यह किसी भी कंपनी के मार्केट कैप, ट्रेडिंग वॉल्यूम और फ्री-फ्लोट यानी कि पब्लिक के लिए शेयरों की उपलब्धता के आधार पर रिव्यू करती है.







