प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 के बिहार विधानसभा के चुनाव में 2020 की तुलना में अधिक समय दिया है। वर्ष 2020 के चुनाव में प्रधानमंत्री चार बार बिहार आए थे और इस दौरान उन्होंने 12 सभाएं की थीं। वहीं, 2025 चुनाव में प्रधानमंत्री सात बार बिहार आए और 14 चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस तरह देखें तो उन्होंने इस चुनाव में अधिक बार बिहार आए और सभाएं भी ज्यादा की हैं।
प्रधानमंत्री ने 24 अक्तूबर को जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव में उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद अपनी सभा की शुरुआत की है। वहीं, अंतिम दिन प्रधानमंत्री ने सीतामढ़ी और बेतिया में सभाएं कीं। इस बीच बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, छपरा, सहरसा, कटिहार, आरा, नवादा, भागलपुर, अररिया, औरंगाबाद और भभुआ में भी उनकी सभाएं हुईं। प्रधानमंत्री ने इस बार हर दिन दो सभाओं को संबोधित किया, जबकि पिछले चुनाव में उन्होंने एक नवंबर, 2024 को चार सभाएं की थी। इसी प्रकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार तक 67 जनसभाओं को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने रोड शो भी किया है। मुख्यमंत्री ने नौ सभाएं सड़क मार्ग से जाकर की हैं। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने अपनी सभा की शुरुआत 17 अक्तूबर को छपरा के तरैयां से की थी। 17 अक्तूबर से लेकर अब तक अमित शाह ने 33 जनसभाएं कीं। इसके साथ ही उन्होंने रोड शो भी किया है। लोजपा आर के प्रमुख चिराग पासवान ने शनिवार तक 85 जनसभाएं की है। इधर, नेता प्रतिपक्ष अब तक
सबसे अधिक 155 सभाएं कर चुके हैं। रविवार को विधानसभा चुनाव के प्रचार का अंतिम दिन है। अंतिम दिन में सभी पार्टियों के शीर्ष नेताओं की जनसभाएं होनी हैं। इन नेताओं की सभाओं ने मतदाताओं को कितना प्रभावित किया है, इसका खुलासा तो 14 नवंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा। मगर इतना जरूर है कि राजनेताओं ने मतदताओं का समर्थन पाने के लिए खूब पसीना बहाया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी बिहार चुनाव में काफी समय दिया है। राहुल गांधी ने इस चुनाव में 14 सभाएं कीं। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चार तो वरिष्ठ नेत्री प्रियंका गांधी ने 13 सभाएं की हैं।
किनकी कितनी सभाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : 14
कांग्रेस नेता राहुल गांधी : 14
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार : 67
तेजस्वी यादव : 155
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह : 21
गृह मंत्री अमित शाह : 33
जेपी नड्डा: 15
प्रियंका गांधी : 13
मल्लिकार्जुन खरगे : 4







