बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार शाम 5 बजे थम जाएगा। फिर 11 नवंबर को राज्य के 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। सभी दलों ने अंतिम दौर में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पश्चिम और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों में मतदान होना है। इस दूसरे चरण में 32 सीटों पर ‘जातीय संग्राम’ देखने को मिलेगा।
32 सीटों पर एक ही जाति के उम्मीदवारों के बीच टक्कर
बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 122 में से 32 विधानसभा सीटों पर एक ही जाति के उम्मीदवारों के बीच सीधी लड़ाई देखने को मिल रही है। नरपतगंज, बेलहर, नवादा और बेलागंज सीटों पर यादव बनाम यादव की ‘जंग’ देखने को मिलेगी। इन चारों सीटों पर एनडीए और महागठबंधन दोनों दलों ने यादव प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं अररिया, जोकीहाट, बहादुरगंज और अमौर सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
| जाति समूह | सीटों की संख्या | उम्मीदवार की स्थिति |
| यादव | 4 | नरपतगंज, बेलहर, नवादा और बेलागंज में NDA और महागठबंधन दोनों से यादव उम्मीदवार |
| मुस्लिम | 4 | अररिया, जोकीहाट, बहादुरगंज और अमौर विधानसभा सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार आपस में पछाड़ने में लगे |
| धानुक | 3 | फुलपरास, सिकटी, रूपौली सीट पर धानुक बनाम धानुक के बीच मुकाबला |
| पासवान | 3 | कोढ़ा, पीरपैंती और बोधगया सीट पर पासवान बनाम पासवान की ‘टक्कर’ |
| राजपूत | 3 | वजीरगंज, राममढ़ और औरंगाबाद सीट पर राजपूत बनाम राजपूत |
| मुसहर | 3 | रानीगंज, बाराचट्टी और सिकंदरा में मुसहर बनाम मुसहर की ‘जंग’ |
| ब्राह्मण | 2 | नरकटियागंज और बेनीपट्टी में ब्राह्मण बनाम ब्राह्मण की ‘लड़ाई’ |
| वैश्य | 2 | कटिहार और मोतिहारी में वैश्य बनाम वैश्य का मुकाबला |
| रविदास | 2 | रविदास बनाम रविदास |
| अन्य (1-1 सीट) | 5 | पातर, खरवार, संताल, कुशवाहा और भूमिहार प्रत्याशी अपनी ही जाति के प्रतिद्वंद्वियों को चित करने पर तुले हैं |
नेपाल सीमा 11 नवंबर तक सील
बिहार चुनाव के दूसरे चरण में नेपाल की सीमा से लगने वाले जिले जैसे अररिया, सीतामढ़ी भी शामिल हैं। इसके चलते मतदान से पहले भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 11 नवंबर की रात तक बॉर्डर पूरी तरह सील रहेगा। इस दौरान सीमा पार आवाजाही पर रोक रहेगी। दिघलबैंक स्थित एसएसबी की 12वीं वाहिनी की एफ कंपनी ने शनिवार को ग्राम समन्वय बैठक की। कंपनी कमांडर प्रिय रंजन चकमा ने सीमावर्ती ग्रामीणों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।







