महाराष्ट्र में कई हिस्सों में बारिश से बुरा हाल है। मुंबई में तो हालात बद से बदतर हो गए हैं। शहर के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बीते दिन स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए थे। भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की वजह से सड़क यातायात बुरे तरह प्रभावित हुए हैं। लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। मौसम की मार हवाई यातायात पर भी पड़ी है। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्वीट में लिखा, ‘मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के कई मार्गों पर जलभराव और यातायात धीमा हो गया है। इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है। हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है।
Mumbai Rains – फोटो : PTI
मुंबई में स्कूल और कॉलेज बंद
लगातार हो रही बारिश और आईएमडी की ओर से जारी ‘रेड अलर्ट’ की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और आसपास के शहरों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने भारी बारिश के मद्देनजर महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। यह आदेश पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कॉलेजों पर लागू होता है।
Mumbai Rains – फोटो : PTI
लोगों को बारिश के कहर से राहत नहीं
मुंबई में भारी बारिश के एक दिन बाद मंगलवार को भी लोगों को बारिश के कहर से राहत नहीं मिली। कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सुबह से ही यातायात बाधित रहा। लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाओं का मार्ग कुछ स्थानों पर परिवर्तित किया गया। बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई। यहां सुबह भी बारिश जारी रही, जिसके कारण गांधी मार्केट सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
Mumbai Rains – फोटो : PTI
उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक बारिश
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह 5 बजे से 6 बजे के बीच उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक बारिश दर्ज की गई। मुंबई सेंट्रल, परेल, ग्रांट रोड, मालाबार हिल, दादर, वर्ली और कुछ अन्य इलाकों में केवल एक घंटे में 40 मिमी से 65 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे के बीच द्वीपीय शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 128.86 मिमी, 154.37 मिमी और 185.74 मिमी औसत वर्षा हुई।
Mumbai Rains – फोटो : PTI
कहां-कितनी बारिश?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 8.30 बजे से मंगलवार सुबह 5.30 बजे तक 21 घंटों में मुंबई के विक्रोली उपनगर में सबसे अधिक 194.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। ऐसे ही सांताक्रूज में 185 मिमी, जुहू में 173.5 मिमी, बायकुला में 167 मिमी और बांद्रा में 157 मिमी वर्षा दर्ज की गई।