मुक्त व्यापार पर ज्यादा जोर
वित्तमंत्री ने आयात-निर्यात बैंक की ओर से आयोजित सम्मलेन के उद्घाटन मौके पर कहा कि भारत अब ज्यादातर मुक्त व्यापार समझौते पर जोर दे रहा है. देश के निर्यात का उल्लेख करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि वित्तवर्ष 2024-25 में वस्तुओं एवं सेवाओं का कुल निर्यात 825 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो 2023-24 की तुलना में 6 फीसदी अधिक है.
दुनिया से ज्यादा भारत की वृद्धि
वित्तमंत्री ने कहा कि जहां वैश्विक निर्यात में केवल 4 फीसदी की वृद्धि हुई, वहीं भारत के निर्यातक व्यापार मोर्चे पर वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद तेजी से आगे बढ़ने और 6.3 फीसदी की वृद्धि को पार करने में सफल रहे हैं. इसका मतलब है कि भारत के निर्यात की ग्रोथ दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले कहीं बेहतर रही है. वित्तमंत्री ने निर्यातकों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए उनसे आग्रह किया कि वे नवोन्मेषण पर ध्यान केंद्रित करें और अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशें.
दुनिया के लिए उम्मीद की किरण है भारत
वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने बताया कि भारत की वृद्धि संभावनाएं उज्ज्वल बनी हुई हैं, जबकि विश्व अर्थव्यवस्था भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और इससे उत्पन्न चुनौतियों से परेशान हैं. वैश्विक स्तर पर तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया में उम्मीद की किरण बना हुआ है. नागराजू ने कहा कि भारत का निर्यात तमाम चुनौतियों के बावजूद अच्छा प्रदर्शन कर रहा है.
इन सेक्टर्स में ज्यादा तेजी
उन्होंने बताया कि दवा और रत्न एवं आभूषण क्षेत्रों से निर्यात में जुझारूपन देखने को मिल रहा है. इसमें वित्त मंत्रालय नीति, योजनाओं और वित्तीय सहायता के माध्यम से समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है. हमारी वित्तीय प्रणालियां पर्याप्त पूंजी और कम एनपीए के साथ मजबूत बनी हैं. इससे भारत की वित्तीय जरूरतों को मजबूत समर्थन मिलता है.







