पीएम नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन है। उन्होंने गांधीनगर में 2 किमी लंबा रोड शो किया। इसके बाद गांधीनगर में गुजरात की शहरी विकास यात्रा के 20 साल पूरे होने के जश्न में हिस्सा लिया और ‘शहरी विकास वर्ष 2025’ की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने गुजरात के लिए 5,536 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर पर बात की। उन्होंने कहा- हमने आतंकवाद के 9 ठिकाने तय करके 22 मिनट में उन्हें ध्वस्त कर दिया। और ये सब कुछ कैमरे के सामने किया, ताकि, कोई सबूत न मांगे। पाकिस्तान जानता है कि वो सीधी लड़ाई में हमसे जीत नहीं सकता है इसीलिए वो आतंकवादी भेज रहा है। उनके यहां मारे गए आतंकवादियों के जनाजे में पाकिस्तानी झंडे लगाए गए, यह कोई प्रॉक्सी वॉर नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “1947 में जब मां भारती के टुकड़े हुए, ‘कटनी चाहिए थी जंजीरें लेकिन काट दी गई भुजाएं’। देश के 3 टुकड़े कर दिए गए। उसी रात पहला आतंकवादी हमला कश्मीर की धरती पर हुआ। मां भारती का एक हिस्सा आतंकवादियों के बलबूते पर मुजाहिदीनों के नाम पर पाकिस्तान ने हड़प लिया। अगर उसी दिन इन मुजाहिदीनों को मौत के घाट उतार दिया गया होता, सरदार पटेल की इच्छा थी कि जब तक PoK वापस नहीं आता है सेना रुकनी नहीं चाहिए लेकिन सरदार साहब की बात मानी नहीं गई। ये मुजाहिदीन जो लहू चख गए थे वे सिलसिला 75 साल से चला आ रहा है। पहलगाम में भी उसी का विकृत रूप था। 75 साल तक हम झेलते रहे। पाकिस्तान के साथ जब युद्ध की नौबत आई तीनों बार भारत की सैन्य शक्ति ने पाकिस्तान को धूल चटाई। पाकिस्तान समझ गया है कि वे भारत से जीत नहीं सकता है।”
पीएम मोदी ने इससे पहले जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं दो दिन से गुजरात में हूं… कल मुझे वड़ोदरा, दाहोद, भुज, अहमदाबाद और आज सुबह गांधीनगर… मैं जहां-जहां गया, ऐसा लग रहा है देशभक्ति का जवार है. गर्जना करता सिंदुरिया सागर और लहराता तिरंगा, जनजन के मन में मातृभूमि के प्रति आपार प्रेम… ये सिर्फ गुजरात में नहीं, हिंदुस्तान के कोने-कोने में है.
‘कटनी चाहिए थी जंजीरें, लेकिन काट दी गई भुजाएं’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘6 मई के बाद जो दृश्य देखे गए, उसके बाद हम इसको प्रॉक्सी वॉर नहीं कह सकते. आतंकवाद के 9 ठिकाने 22 मिनट में ध्वस्त किया. वो भी कैमरा के सामने कि हमसे कोई सबूत ना मांगे… हमें कोई सबूत नहीं देना पड़ रहा, उधर वाला दे रहा है. 6 मई को जनाजा निकला उसको स्टेट हॉनर दिया गया… उनके सेना ने सलूट दी… इसका मतलब है कि ये प्रॉक्सी वॉर नहीं है. आप युद्ध ही कर रहे हैं… उसका जवाब भी वैसे ही मिलेगा.’







