पिछले कुछ वर्षों से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी-भरकम निवेश कर रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1300 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया जा रहा है। इनमें से 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का आज गुरुवार को उद्घाटन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने आज बिकानेर में वर्चुअल माध्यम से इन 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया है। अमृत भारत योजना ने इन रेलवे स्टेशनों की तस्वीर ही बदल दी है। इन रेलवे स्टेशनों में यात्रियों के लिए आधुनिक सविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बदली तस्वीर के साथ ये स्टेशन किसी एयरपोर्ट या मॉल से कम नहीं लग रहे हैं। आइए कुछ रेलवे स्टेशनों की पुरानी और नई तस्वीरें आपको बताते हैं, जिससे साफ-साफ दिख रहा है कि कितना बदलाव आया है।
बिहार के गोपालगंज जिले के ऐतिहासिक थावे जंक्शन को अब नया रूप मिल गया है. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित गोपालगंज जिले के थावे जंक्शन का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया. राजस्थान के बीकानेर से 103 मॉडल रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने गोपालगंज के थावे स्टेशन का भी जिक्र. पीएम मोदी ने कहा- थावे जंक्शन पर मां थावे भवानी और मिथिला पेंटिंग की झलक दिखेगी.
वहीं गोपालगंज में उद्घाटन समारोह में बोलते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 103 मॉडल रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन एक साथ किया है. बिहार के प्रमुख शक्तिपीठ थावे भवानी मंदिर से जुड़ा थावे जंक्शन भी अब एक आधुनिक मॉडल स्टेशन बन चुका है. नित्यानंद राय ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गोपालगंज के लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री और रेलमंत्री रहते हुए भी थावे जंक्शन को कभी विकसित नहीं कर सके. छोटी लाइन की ट्रेनें ही चलती रहीं.
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने इस क्षेत्र को बड़ी लाइन की सुविधा दी, जिससे थावे-छपरा-कप्तानगंज रेलखंड पर अब बड़ी ट्रेनों का संचालन संभव हो सका है. नित्यानंद राय ने कहा कि आने वाले दिनों में गोपालगंज-छपरा के बीच बायपास रेलवे लाइन का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के लिए भी सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन इस रूट से संभव होगा. इससे इलाके के यात्रियों को न केवल सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि स्थानीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.
थावे जंक्शन को मिला नया रूप, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बदलाव की तस्वीर पेश करता है थावे स्टेशन
वहीं, कोयला मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में जिस तरह से विकास कार्य किए हैं, वह बदलाव की एक नई तस्वीर पेश करता है. उन्होंने कहा कि थावे जंक्शन को 11.75 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है. यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, एलिवेटेड प्लेटफार्म और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है. इस अवसर पर थावे जंक्शन परिसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय कोयला मंत्री सतीश चंद्र दुबे, पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव, जिला परिषद अध्यक्ष सुबास सिंह, जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाना है. इनमें से पूर्वोत्तर रेलवे के 58 स्टेशनों का चयन हुआ है. गुरुवार को उद्घाटन हुए 103 स्टेशनों में पूर्वोत्तर रेलवे के 13 स्टेशन शामिल हैं, जिनमें थावे जंक्शन भी प्रमुख है. थावे जंक्शन का यह विकास न केवल क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी बढ़ावा देगा. स्टेशन के आधुनिक स्वरूप से यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और गोपालगंज जिले की कनेक्टिविटी अब देश के अन्य हिस्सों से और भी मजबूत होगी.
गोपालगंज जिले का थावे रेलवे स्टेशन

तमिलनाडु का तिरुवन्नामलाई रेलवे स्टेशन

मध्यप्रदेश का ओरछा रेलवे स्टेशन

गुजरात का सिहोर रेलवे स्टेशन

तमिलनाडु का सामलपट्टी रेलवे स्टेशन

उत्तर प्रदेश का बिजनौर रेलवे स्टेशन

महाराष्ट्र का लासलगाव रेलवे स्टेशन

26 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी इस समय राजस्थान के बीकानेर में हैं। उन्होंने यहां देशनोक अमृत स्टेशन का उद्घाटन किया है। साथ ही उन्होंने बीकानेर-मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) के बीच नई ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। पीएम ने वर्चुअली कुल 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया है। साथ ही पीएम ने एक कार्यक्रम में 26 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पित किया। पीएम ने कहा, ‘आज भारत में हो रहे इन विकास कार्यों को देखकर दुनिया भी हैरान है। आज भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा है। ये वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेन देश की नई गति और नई प्रगति को दर्शाती हैं। अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैंकड़ों रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं।’







