भारतीय सेना ने बीती देर रात पाकिस्तान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया. जानकारी के अनुसार भारतीय आर्मी ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकियों के 9 ठिकानों को तबाह कर दिया है. 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के इस एक्शन को जवाबी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना के इस एक्शन पर विपक्ष का भी समर्थन मिल रहा है. ऑपरेशन सिंदूर को लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया साइट X पोस्ट शेयर कर अपनी बात कही है. तेजस्वी ने कहा- भारत, भारतीयों और भारतीय सेना ने कभी भी अपने देश में किसी भी प्रकार के आतंकवाद और अलगाववाद को बर्दाश्त नहीं किया है और ना ही कभी करेंगे. भारतीय सेना ने हर बार माताओं की कोख, बहनों की कलाई, और उनके माथे के सिंदूर की रक्षा की है.
राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भारत की जवाबी कार्रवाई पर लिखा, ‘जय हिंद जय हिंद की सेना।’
वहीं, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, ‘यह 56 इंच के सीने का जवाब।’ उन्होंने एक्स पर लिखा-

जब पहलगाम हमला हुआ, उसी दिन तय हो गया था कि अब पाकिस्तान के आतंकवादियों को छोड़ा नहीं जाएगा। आज भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और POK में छिपे 9 आतंकियों के ठिकानों पर करारा प्रहार किया गया है।






