रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पाकिस्तान को सीधा संदेश दे दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि पहलगाम के गुनहगारों को सजा मिलनी चाहिए. पुतिन ने पीएम मोदी फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही. विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी.
पुतिन ने जोर देकर कहा कि इस घिनौने हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए. दोनों नेताओं ने भारत और रूस के विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई. प्रधानमंत्री मोदी ने विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन को बधाई दी और उन्हें इस साल के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया.







