भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है. इस तनाव की आग को पाकिस्तान ने अपनी हरकत से भड़का दिया है. सोमवार को पाकिस्तान ने अपनी फतह सीरीज कि सतह-से-सतह पर हमला करने वाली मिसाइल का टेस्ट किया. इस मिसाइल की रेंज 120 किमी है. पाकिस्तान ने मिसाइल टेस्ट के जरिए दावा तो ताकत दिखाने का किया था, लेकिन हकीकत में ये मिसाइल उसकी कमजोरी की तस्वीर बन गई. महज 120 किलोमीटर रेंज वाली इस मिसाइल को देख भारत हैरान नहीं है, क्योंकि भारत की सबसे कम रेंज वाली मिसाइल भी इससे आगे है. भारत की सबसे कम रेंज वाली सतह से सतह पर हमला करने वाली मिसाइल की बात करें तो वह 150 किलोमीटर है. पाकिस्तान ने अपनी ताकत दिखाने के लिए सबसे फुस्स हो चुके हथियार का इस्तेमाल किया है.
ISPR ने बयान में कहा, ‘इसका मकसद सैनिकों की ऑपरेशनल तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल के उन्नत नेविगेशन सिस्टम व सटीकता जैसे तकनीकी पहलुओं को मान्य करना था.’ परीक्षण में पाक फौज के अधिकारी, वैज्ञानिक और पाकिस्तान की रणनीतिक संस्थाओं के इंजीनियर शामिल हुए. ISPR ने बयान में जोर देकर कहा, ‘पाकिस्तान सेना किसी भी आक्रामकता का मुकाबला करने और देश की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.’ तनाव के बीच ये बयान भारत के लिए सीधा संदेश है.







