जम्मू कश्मीर के जम्मू में बर्फीली पहाड़ियों के बीच सेना ने ऑपरेशन छत्रू को अंजाम देते हुए एक आतंकी को मार गिराया है। बर्फीली पहाड़ियों ने के बीच सैनिकों ने मुश्किल हालातों में अहम ऑपरेशन को अंजाम दिया है। भारतीय सेना की तरफ से इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी गई। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर सेना के जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दिन शाम को आतंकियों के साथ सेना के जवानों का संपर्क हुआ। गोलीबारी के बाद एक आतंकी को मार गिराया गया।
सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स नाम के एक्स अकाउंट पर सर्च ऑपरेशन की दो तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा गया “ऑपरेशन छत्रू, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर 09 अप्रैल को छत्रू जंगल किश्तवाड़ में एक संयुक्त तलाशी और विनाश अभियान शुरू किया गया। उसी दिन देर शाम आतंकियों से संपर्क स्थापित किया गया। आतंकवादियों को प्रभावी ढंग से घेर लिया गया और गोलीबारी शुरू हो गई। अभी तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। दुश्मन इलाके और प्रतिकूल मौसम के बावजूद, हमारे बहादुर सैनिकों द्वारा अथक अभियान जारी है।”
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में रात भर की घेराबंदी के बाद सुरक्षा बलों ने गुरुवार को तलाश अभियान फिर से शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले की जोफर-मार्टा पट्टी और किश्तवाड़ जिले के चटरू में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद रातभर घेराबंदी की गई। उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में क्रमश: जोफर-मार्टा के जंगलों और नैदगाम-चटरू क्षेत्र में तलाश अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। बुधवार को पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा संचालित तलाश अभियान के दौरान जोफर-मार्टा पट्टी में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि दो से तीन आतंकवादियों को घेर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आमोद अशोक नागपुरे ने बताया कि दो घंटे तक गोलीबारी हुई।
एसएसपी ने कहा कि ऊंचे पहाड़ों, नदी और घने जंगलों के कारण यह इलाका दुर्गम है और “वन क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादी छिपे हुए हैं।” बुधवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर किश्तवाड़ जिले के छत्रू वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद नैदगाम इलाके में आतंकवादियों के साथ थोड़ी देर के लिए मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि इलाके में घेराबंदी मजबूत कर दी गई है। कठुआ जिले के सान्याल इलाके में 24 मार्च को अभियान शुरू होने के बाद से तीन मुठभेड़ों के पश्चात पिछले 17 दिनों से पुलिस और सुरक्षा बल एक इलाके से दूसरे इलाके में जाने वाले आतंकवादियों पर नज़र रख रहे हैं। 27 मार्च को इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे और चार पुलिसकर्मियों ने जान गंवाई थी।
बांदीपुरा से 8 अलगाववादी गिरफ्तार,
जम्मू कश्मीर पुलिस आतंकी समूहों और आतंकी वित्तपोषण के खिलाफ लगातार बड़ा अभियान छेड़े हुए है. इसके तहत लगातार कार्रवाई भी की जा रही है. पुलिस की तरफ से लगातार इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुवार को बांदीपोरा पुलिस ने आतंकवाद और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में अलगाववादी संगठनों के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने इन लोगों को किया गिरफ्तार
पीएस बांदीपुरा के यूएपीए अधिनियम के तहत केस एफआईआर नंबर 04/2024 की जांच के सिलसिले में पुलिस ने 03 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम नजीर अहमद अहंगर, शेख दानिश मुश्ताक, ताहिर अहमद मीर हैं.
पीएस सुंबल के यूएपीए अधिनियम के तहत केस एफआईआर संख्या 07 और 62/2024 के संबंध में 03 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. उनकी पहचानगुलाम दीन वार जम्मू कश्मीर डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी (जेकेडीएफपी) के सदस्य के रूप में की गई है. खुर्शीद अहमद लोन पुत्र मोहम्मद जमाल लोन निवासी नायदखाई, मोहम्मद शफी डार पुत्र सोनाउल्लाह डार निवासी करनाई मोहल्ला शाहगुंड, जम्मू और कश्मीर पीपुल्स लीग (जेकेपीएल) का सदस्य है. इसके अलावा अबुल मजीद और को भी एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया है.
संदिग्धों के पास आपत्तिजनक सामग्री बरामद
पुलिस की तरफ से गिरफ्तार संदिग्धों के पास से कुछ आपत्तिजनक सामग्री, पर्चे और मोबाइल फोन सहित चुनावी उपकरण जब्त किए गए हैं. जांच से पता चला है कि सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी और अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देना जारी रखा है, जबकि जिन संगठनों से वे जुड़े थे, उन्हें गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित कर दिया गया था. गिरफ्तार सदस्य अपनी नापाक और अलगाववादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए जम्मू-कश्मीर में प्रभावशाली युवाओं को प्रेरित करने और नए सदस्यों (रुकुन) की भर्ती करने में लगे हुए थे.







