विराट कोहली में रनों की भूख पहले की तरह बनी हुई है. वे हर रोज कड़ी मेहनत करते हैं और खुद में लगातार सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. कोहली की यही बात टीम के साथियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है. यह कहना है कि दिनेश कार्तिक का, जो मौजूदा सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बैटिंग कोच हैं. डीके ने आईपीएल 2024 के बाद संन्यास ले लिया था.
आईपीएल 2025 में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मुकाबला है. दिनेश कार्तिक ने इस मैच से एक दिन पहले कहा, ‘अभी जब मैं मैदान पर आया तो आज भी वे (कोहली) एक और शॉट पर काम करना चाहते हैं. करियर के इस पड़ाव में एक और शॉट पर काम करना बताता है कि उनके अंदर अभी कितनी भूख है.’ डीके ने कहा, ‘वे सिर्फ सुधार करना चाहते हैं और अपने खेल का मानक बढ़ाना चाहते हैं. इसलिए वे एक खास खिलाड़ी हैं. वे आईपीएल में पहले की तरह ही आत्मविश्वास से और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं.’
स्पिन के खिलाफ भी बनाए अच्छे रन
दिनेश कार्तिक ने स्पिन के खिलाफ कोहली के हालिया संघर्ष पर कहा, ‘उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में बेहतरीन रन बनाए. उन्होंने हाल के दिनों में स्पिन के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की है, खासकर वाइट बॉल क्रिकेट में. इसलिए मैं आंकड़ों में बहुत गहराई में नहीं जाना चाहता. उन्होंने विश्व कप फाइनल (टी20) और चैंपियंस ट्रॉफी में भी अच्छा प्रदर्शन किया. और ऐसा स्पिन खेले बिना नहीं हो सकता है क्योंकि सभी जानते हैं कि दुबई में स्पिनरों को कितनी मदद मिलती है.’
16 साल से चेपॉक में नहीं जीती है आरसीबी
आरसीबी ने पिछले 16 साल में एक बार भी चेन्नई सुपरकिंग्स को उसके घरेलू मैदान पर नहीं हराया है. आरसीबी की टीम चेपॉक में सीएसके से भिड़ने पर एक बार फिर स्पिन की परीक्षा से गुजरेगी. यह पूछने पर कि आरसीबी के बल्लेबाजों के लिए स्पिन खेलना एक समस्या है, कार्तिक ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है. हमने अभी एक मैच खेला, पिछले साल की तुलना में पूरी तरह से नयी टीम है. मेरा मानना है कि जिस तरह से हम स्पिन खेलते हैं हमारी एक मजबूती यही है. और जैसे-जैसे यह टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, आप इसे होते देखेंगे.’







