टूर्नामेंट के पहले मैच में न्यूजीलैंड से मुंह की खाने और दूसरे मुकाबले में भारत के हाथों जलील होने के बाद अब पाकिस्तान का चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होना तय है. पाकिस्तान के ताबूत पर आखिरी कील आज होने वाले मुकाबले के बाद पड़ सकती है. दरअसल, ग्रुप ए में आज न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की टक्कर है, जिसमें न्यूजीलैंड के जीतते ही ग्रीन आर्मी का बोरिया बिस्तर बंध जाएगा.
न्यूजीलैंड की टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान को 60 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था. इस बड़ी जीत से उसका नेट रन रेट भी अच्छा हुआ है. फिलहाल दो मैच में दो जीत और +0.647 के साथ भारत पहले पायदान पर है, लेकिन अगर न्यूजीलैंड आज जीत जाता है तो दो मैच में दो जीत के साथ वह पॉइंट्स टेबल पर सबसे ऊपर चला जाएगा क्योंकि उसका NRR फिलहाल +1.200 है.
चैंपियंस ट्रॉफी का पॉइंट्स टेबल
बांग्लादेश को अपने पहले मैच में भारत के हाथों छह विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था. -0.048 के साथ उसका नेट रन रेट भी खराब है. ऐसे में एक और हार उसे तो टूर्नामेंट से बाहर कर ही देगी साथ ही साथ मेजबान पाकिस्तान का भी खेल खत्म हो जाएगा. दो मैच में दो हार के साथ पाकिस्तान ग्रुप ए में सबसे आखिरी पोजिशन पर है. उसका नेट रन रेट -1.087 है.







