दिल्ली में गुरुवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया है। इस समारोह में पीएम मोदी समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता और एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम मौजूद रहे। शपथ समारोह के बाद पीएम मोदी ने एनडीए के नेताओं संग अहम बैठक की। इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा है कि आने वाले 2 साल में जहां-जहां चुनाव है वहां एनडीए विपक्ष को हराएगा।
जानकारी के मुताबिक, एनडीए की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि NDA एकजुट है और हम सभी विकसित भारत के लिए काम करेंगे और इस लक्ष्य को मिलकर हासिल करेंगे। जानकारी के मुताबिक, बैठक में एनडीए नेताओं ने पीएम मोदी से कहा कि महाराष्ट्र और दिल्ली की तरह हर चुनाव में एनडीए की जीत होगी।
बैठक को लेकर बीजेपी के महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि एनडीए की बैठक सभी दलों के नेता, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बीजेपी दिल्ली सरकार के गठन में आए थे. उसके बाद प्रधानमंत्री के साथ एनडीए के सभी नेताओं बैठक हुई और सब ने प्रधानमंत्री को दिल्ली जीत पर बधाई दी.
उन्होंने कहा कि साथ ही आने वाले डेढ़ साल में सभी चुनाव को चाहे बिहार हो बंगाल हो सभी चुनाव एनडीए मजबूती से लड़ेगी. सभी पीएम को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में सभी चुनाव को एनडीए मजबूती के साथ लड़ेगी.
एडीए में एकता का दिया संदेश
एनडीए की बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में वरिष्ठ नेताओं में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ विभिन्न एनडीए राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद थे.
इसके साथ ही बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू शामिल हुए.
बैठक में शासन की रणनीतियों, नीति समन्वय और एनडीए शासित राज्यों में आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई है. इस बैठक के माध्यम से एनडीए में एकता का संदेश दिया गया.






