नई दिल्ली स्टेशन पर प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए यात्रियों की भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई। भगदड़ में 10 महिलाओं और 3 बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हुई है। पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। भगदड़ में घायल हुए लोगों को लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्टेशन पर आरपीएफ के अलावा एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के बाद स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। इस हादसे की स्थिति पर चर्चा के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि रेल मंत्री अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सकते हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के बाद यह बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में रेल मंत्री को पूरी घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस बैठक में पूरी घटना की जानकारी दी जाएगी, घटना के घटित होने के क्रम और समय-सारिणी की जानकारी दी जाएगी। रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी बैठक के दौरान वैष्णव को सभी घटनाओं की पूरी जानकारी और घटनाक्रम पर विस्तृत विवरण प्रदान करेंगे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को मची भगदड़ के बाद रेलवे प्रशासन से लेकर केन्द्र सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. अब फिर से इस तरह की घटना न हो, इसके लिए सावधानियां बरतीं जा रही हैं.
शनिवार (15 फरवरी) को रात करीब साढ़े 9 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज महाकुंभ जाने वालों की तादाद इतनी बढ़ गई थी कि स्टेशन पर पैर रखने की जगह तक नहीं बची थी. कुंभ की ओर जाने वाली दो ट्रेनों के लेट होने और प्लेटफॉर्म बदलने के अनाउंसमेंट के चक्कर में यहां हालात ऐसे बिगड़े कि भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोग मारे गए. इस हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तत्काल तीन बड़े फैसले लिए.
- सबसे पहले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कुंभ जाने वाली भीड़ को कम करने के लिए तुरंत चार स्पेशल ट्रेन चलाई गई.
- उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया गया ताकि भगदड़ का स्पष्ट कारण पता लग सके और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जा सके.
- मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए और सामान्य रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख मुआवजा देने का ऐलान किया गया.
प्रयागराज जंक्शन के लिए सेट है प्रोटोकॉल
प्रयागराज और उसके आसपास के जो आठ रेलवे स्टेशन हैं, उन पर एक प्रोटोकॉल सेट है. यहां आने वालों के लिए अलग और जाने वालों के लिए अलग रास्ता है. जब भी प्रयागराज जंक्शन में यात्रियों की संख्या सीमा से अधिक होती है तो उसके लिए भी अलग इमरजेंसी प्लान है. नॉर्थ-सेंट्रल रेलवे सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि हमारे प्रोटोकॉल पहले से तय हैं और उसी हिसाब से हम भीड़ का प्रबंधन कर रहे हैं.
सीएम योगी का हवाई सर्वे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में हुई भगदड़ के बाद सुबह-सुबह प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र का हवाई सर्वे किया. गौरतलब है कि महाकुंभ में भी मौनी अमावस्या के दिन भगदड़ मच गई थी. तब 30 लोगों की मौत हुई थी. इस तरह की घटना दोबारा न हो इसके लिए महाकुंभ प्रशासन भीड़ प्रबंधन को लेकर चौबीस घंटे अलर्ट रहता है.







