देश की राजधानी नई दिल्ली से आज कई खूबसूरत तस्वीरें सामने आई हैं. दरअसल बिहार एनडीए के 30 सांसदों ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. बिहार एनडीए (NDA) के सभी सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया है. इस मुलाकात को भले ही शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है. लेकिन, इस खास मुलाकात की तस्वीरों ने सियासी पारा बढ़ा दिया है.
बिहार के एनडीए के अलग-अलग दलों JDU, बीजेपी और एलजेपी के सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाकात कर उनको धन्यवाद दिया. दरअसल इस बार केंद्रीय बजट में बिहार के लिए किए गए प्रावधान को लेकर एनडीए के सांसदों ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया.
इस दौरान एनडीए के सांसदों ने परंपरागत मिथिला पेंटिंग, मखाना, मिथिला पाग और शॉल के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया. इस मौके पर एनडीए के घटक दल के सभी सांसद मौजूद रहे. हालांकि तस्वीर में चिराग पासवान, गोपाल जी ठाकुर और गिरिराज सिंह आगे दिखे.
मुलाकात के बाद दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय बजट में बिहार खासकर मिथिला क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है. जनकल्याण और जन आकांक्षाओं को समर्पित यह बजट मिथिला के लिए वरदान साबित होगा.
केंद्रीय कपड़ा मंत्री बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री से समय लेकर बजट में बिहार के लिए कई योजनाएं देने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार बीजेपी और एनडीए के एजेंडे में सबसे ऊपर है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद इस साल के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है. एक बार फिर सत्ता बरकरार रखने के लिए बीजेपी पूरी कवायद कर रही है.







