बिहार में कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। पछुआ हवा के कारण अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है। आज यानी बुधवार को पटना समेत पूरे प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने सभी जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 150 से 200 मीटर तक रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में जमुई सबसे ठंडा जिला रहा।
मंगलवार को मुजफ्फरपुर, पटना, गोपालगंज और बिक्रमगंज में कोल्ड-डे रहा। आज भी इन जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 जनवरी के बाद ठंड और बढ़ेगी।
समझिए… शीत लहर से कैसे अधिक खतरनाक है कोल्ड डे
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कोल्ड डे शीत लहर से अधिक खतरनाक होता है। क्योंकि इसमें न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अंतर कम हो जाता है। इससे ठंड अधिक लगती है। इस ठंड में हार्ट अटैक, ब्रेन हेमरेज, ब्रेन स्ट्रोक और निमोनिया जैसी बीमारियां हो जाती हैं।
अचानक ठंड लगती है। शीत लहर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है, लेकिन अधिकतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं होता है। सुबह कुहासा रहता है। दिन में धूप निकलती है।
अगले 24 घंटे में गिरेगा पारा
पटना मौसम विज्ञान केंद्र से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का पूर्वानुमान है। उसके बाद अगले तीन दिन के तापमान में किसी विशेष परिवर्तन या बदलाव के आसार नहीं हैं। लेकिन उसके बाद माहौल में एक विक्षोभ का असर दिखेगा।
10 जनवरी से और बिगड़ेगा मौसम!
मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रकट होने के पूरे आसार हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को 10 जनवरी 2025 को प्रभावित कर सकता है। अगले तीन दिन के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में घने कुहासे के पूर्वानुमान है।
अभी भी बिहार पर एक विक्षोभ
एक पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर स्थित है। साथ ही एक चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर मौजूद है। यही वजह है कि बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
छपरा रहा सबसे ठंडा
बिहार में 07 जनवरी को छपरा जिला सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गोपालगंज सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में आज कोहरा रहेगा
पटना में आज सुबह से कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में धूप निकल सकती है। दिन में हवा की रफ्तार कम रहने से कनकनी कम महसूस होगी।
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है।







